Page Loader
होंडा ने मई में बेचे 4.65 लाख दोपहिया वाहन, जानिए आंकड़े 
होंडा ने पिछले महीने 4.6 लाख से ज्यादा बाइक-स्कूटर बेचे हैं (तस्वीर: होंडा)

होंडा ने मई में बेचे 4.65 लाख दोपहिया वाहन, जानिए आंकड़े 

Jun 02, 2025
01:29 pm

क्या है खबर?

होंडा मोटरसाइकिल और स्कूटर ने मई में कुल (घरेलू और निर्यात) 4.65 लाख दोपहिया वाहन बेचे हैं। यह पिछले साल इसी महीने में बिके 4.92 लाख से कम है। सेल्स रिपोर्ट के अनुसार, घरेलू बाजार में 4.17 लाख की बिक्री दर्ज की है, जबकि पिछले साल इसी महीने में 4.5 लाख दोपहिया वाहन बिके थे। दूसरी तरफ मई का निर्यात का आंकड़ा मई, 2024 के 41,858 से बढ़कर 47,859 पर पहुंच गया है।

उपलब्धि 

कंपनी ने उत्पादन में बनाया कीर्तिमान 

वित्त वर्ष 2026 के पहले 2 महीनों (अप्रैल और मई) की कुल बिक्री 9.45 लाख तक पहुंच गई है। इस महीने के दौरान होंडा ने वैश्विक स्तर उत्पादन में 50 करोड़ का आंकड़ा पार किया है, जिसमें भारतीय प्लांट्स का महत्वपूर्ण योगदान था। गुजरात के विट्ठलपुर प्लांट से निकले होंडा एक्टिवा स्कूटर ने इस वैश्विक मील के पत्थर को चिह्नित किया। कंपनी इसके साथ ही इस प्लांट की उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर भी काम कर रही है।

प्रीमियम मॉडल 

बिगविंग डीलरशिप के पोर्टफोलियो का किया विस्तार

कंपनी ने हाल ही में नए मॉडल पेश करके अपने बिगविंग मोटरसाइकिल पोर्टफोलियो का विस्तार किया है। दोपहिया वाहन निर्माता ने बिगविंग डीलरशिप चैनल के लिए 5 नए मॉडल पेश किए, जिनमें रेबेल 500, X-ADV, CB750 हॉर्नेट, CB1000 हॉर्नेट SP और गोल्ड विंग टूर का 50वीं वर्षगांठ वर्जन शामिल हैं। होंडा रेबेल 500 को 5.12 लाख रुपये, CB750 हॉर्नेट और CB1000 हॉर्नेट SP को क्रमश: 8.59 लाख और 12.35 लाख रुपये (एक्स-शारूम) की कीमत पर उतारा गया।