Page Loader
चेन्नई की कंपनी ने कर्मचारियों को किया मालामाल, उपहार में दी कार और बाइक 
सरमाउंट लॉजिस्टिक्स ने कर्मचारियों को टाटा की कार और रॉयलएनफील्ड बाइक उपहार में दी है

चेन्नई की कंपनी ने कर्मचारियों को किया मालामाल, उपहार में दी कार और बाइक 

Dec 22, 2024
07:04 pm

क्या है खबर?

चेन्नई की सरमाउंट लॉजिस्टिक्स सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने अपने कर्मचारियों को तोहफे में कार और मोटरसाइकिल दी हैं। यह तोहफे कंपनी के प्रति उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण को देखते हुए उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए दिए गए हैं। कंपनी के एक प्रमुख अधिकारी ने रविवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा है कि 20 कर्मचारियों को उच्च लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित करने को टाटा की कार, एक्टिवा स्कूटी और रॉयल एनफील्ड बाइक उपहार में दी है।

बयान 

कंपनी ने बताया उपहार देने का कारण

कंपनी के संस्थापक और प्रबंध निदेशक (MD) डेन्जिल रायन ने कहा, "एक मजबूत कर्मचारी कल्याण कार्यक्रम के कार्यान्वयन से न केवल समग्र कर्मचारी संतुष्टि में सुधार होता है, बल्कि उत्पादकता और जुड़ाव में भी वृद्धि होती है।" उन्होंने आगे कहा "हमारा मिशन सभी आकार के व्यवसायों के लिए लॉजिस्टिक्स को सरल बनाना है।" बता दें, सरमाउंट लॉजिस्टिक्स माल ढुलाई में देरी, पारदर्शिता की कमी और अकुशल आपूर्ति श्रृंखला समाधान जैसी लॉजिस्टिक्स क्षेत्र की आम चुनौतियों का समाधान करती है।

उपहार 

कई कंपनियां देती हैं महंगे उपहार 

हीरा इंडस्ट्री के जाने-माने नाम सावजी ढोलकिया कर्मचारियों को कीमती तोहफे देने के लिए मशहूर हैं। हर साल दिवाली जैसे खास मौकों पर अपने कर्मचारियों को गिफ्ट में महंगे फ्लैट, लग्जरी कार और ज्वैलरी देकर चर्चाओं में रहते हैं। उनका मानना है कि कर्मचारियों को खुश और प्रेरित रखना कंपनी की सफलता का मुख्य आधार है। चेन्नई की टीम डिटेलिंग सॉल्यूशंस ने इस साल अक्टूबर में कर्मचारियों को 28 कार और 29 बाइक तोहफे में दी थीं।