Page Loader
दो साल से कम समय में खत्म हो जाएगी कोरोना वायरस महामारी, WHO ने जताई उम्मीद

दो साल से कम समय में खत्म हो जाएगी कोरोना वायरस महामारी, WHO ने जताई उम्मीद

Aug 22, 2020
09:22 am

क्या है खबर?

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) का कहना है कि दुनिया दो साल से कम समय में कोरोना वायरस महामारी से पार पा लेगी। संगठन के प्रमुख डॉक्टर टेड्रोस ने कहा, "हमें उम्मीद है कि यह महामारी दो साल से भी कम समय में खत्म हो जाएगी।" उन्होंने इसे सदी में एक बार आने वाला स्वास्थ्य संकट बताते हुए कि वैश्वीकरण के कारण यह 1918 में आई महामारी से तेजी से फैली है, लेकिन अब इसे रोकने के लिए तकनीक उपलब्ध है।

बयान

प्रयासों को एकजुट करने की जरूरत- टेड्रोस

संगठन प्रमुख ने कहा, "अगर हम हमारे प्रयासों को एकजुट करते हैं तो दो साल से कम समय में इससे पार पाया जा सकता है।" उन्होंने 1918 में आई स्पेनिश फ्लू का संदर्भ देते हुए कहा कि आज दुनिया पहले से ज्यादा करीब और जुड़ी हुई है। इसलिए कोरोना पूरी दुनिया में तेजी से फैल गया, लेकिन आज इसे रोकने के लिए उन्नत तकनीक मौजूद है। याद दिला दें कि कोरोना महामारी पिछले साल दिसंबर में शुरू हुई थी।

बयान

"मौजूदा संसाधनों के अधिकतम उपयोग की जरूरत"

उन्होंने कहा, "मौजूद संसाधनों और साधनों का अधिक से अधिक उपयोग कर और वैक्सीन जैसे अतिरिक्त साधनों के जुड़ने से मुझे लगता है कि यह 1918 में आई महामारी की तुलना में कम समय में खत्म हो जाएगी।"

महामारी

स्पेनिश फ्लू के कारण हुई थी 50 लाख से ज्यादा मौतें

कोरोना महामारी के कारण लगभग 2.3 करोड़ लोग संक्रमित हुए हैं, जिनमें से लगभग आठ लाख की मौत हुई है। इसकी तुलना में 1918 में फैली स्पेनिश फ्लू से 50 करोड़ लोग संक्रमित हुए थे और 50 लाख से ज्यादा की मौत हुई थी। इस महामारी के कारण मरने वालों की संख्या पहले विश्व युद्ध में जान गंवाने वाले की तुलना में पांच गुना थी। इसका पहला मरीज अमेरिका में मिला। वहां से यह पूरी दुनिया में फैल गई थी।

प्रकोप

तीन लहरों में फैली थी स्पेनिश फ्लू

इस महामारी ने तीन लहरों में अपना कहर बरपाया था। 1918 की दूसरी छमाही में आई दूसरी लहर सबसे खतरनाक थी और इसने सबसे ज्यादा लोगों को अपना शिकार बनाया। संगठन के आपातकालीन कार्यक्रमों के प्रमुख डॉक्टर माइकल रेयान कहते हैं कि स्पेनिश फ्लू महामारी ने तीन लहरों में लोगों को अपनी चपेट में लिया। फिर महामारी फैलाने वाला वायरस कमजोर हो गया और यह मौसम के हिसाब से कई दशकों तक लोगों को बीमार करता रहा।

कोरोना वायरस

क्या है दुनिया में संक्रमण की स्थिति?

अभी तक दुनियाभर में 2.28 करोड़ लोग कोरोना वायरस की चपेट में आए हैं, जिनमें से 7.98 लाख की मौत हुई है और 1.4 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं। 56.21 लाख संक्रमितों और 1.75 लाख मौतों के साथ अमेरिका दुनिया का सर्वाधिक प्रभावित देश बना हुआ है। दूसरे नंबर पर स्थित ब्राजील में 35.32 लाख मामले हैं, जिनमें से 1.13 लाख की मौत हुई है। भारत तीसरे स्थान पर मौजूद है। यहां 29 लाख से अधिक मामले हैं।