Page Loader
कोरोना वायरस: देश में पिछले 24 घंटे में 63,490 नए मामले, 944 की मौत

कोरोना वायरस: देश में पिछले 24 घंटे में 63,490 नए मामले, 944 की मौत

Aug 16, 2020
10:34 am

क्या है खबर?

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 63,490 नए मामले सामने आए और 944 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। इसी के साथ देश में कुल मामलों की संख्या 25,89,682 हो गई है, वहीं 49,980 लोगों को इस खतरनाक वायरस के संक्रमण के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या 6,77,444 हो गई है। भारत में पिछले कई दिन से रोजाना दुनिया में सबसे अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

लगभग 72 प्रतिशत हुई रिकवरी रेट

अगर ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में कोरोना के 53,322 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 18,62,258 हो गई है, जोकि कुल मामलों के 71.91 प्रतिशत हैं। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 7,46,608 टेस्ट किए गए गए। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में अब तक लगभग 2.93 करोड़ टेस्ट किए जा चुके हैं।

राज्यों की स्थिति

ये हैं चार सबसे अधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र इस सूची में पहले नंबर पर है। राज्य में अब तक 5,72,734 मामले सामने आए हैं जिनमें से 19,427 मरीजों की मौत हुई है। वहीं दूसरे स्थान पर काबिज तमिलनाडु में अब तक 3,32,105 मामले सामने आए हैं और 5,641 मरीजों की मौत हुई है। 2,562 मौत और 2,81,817 मामलों के साथ आंध्र प्रदेश और 3,831 मौत और 2,19,926 मामलों के साथ कर्नाटक अगले दो सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले

महाराष्ट्र में फिर मिले 12,000 से अधिक नए मामले

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 12,608 नए मामले सामने आए और 364 मरीजों की मौत हुई। ये राज्य में अब तक एक दिन में हुई सबसे अधिक मौतें हैं। आंध्र प्रदेश में 8,732 और तमिलनाडु में 5,641 नए मरीज मिले। वहीं कर्नाटक में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 8,818 नए मामले सामने आए, जो राज्य में अब तक एक दिन में सामने आए सबसे अधिक मामले हैं।

जानकारी

पिछले 24 घंटे में दिल्ली में 1,276 नए मामले

देश की राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां अब तक 1.51 लाख लोगों को इस खतरनाक वायरस से संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 4,188 लोगों की मौत हुई है। बीते दिन शहर में 1,276 नए मामले सामने आए और 10 मौतें हुईं।

दुनिया की स्थिति

अमेरिका और ब्राजील सबसे अधिक प्रभावित देश

पूरी दुनिया की बात करें तो अब तक 2.13 करोड़ संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 7.70 लाख लोगों की मौत हुई है। सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका में लगभग 53.60 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और 1.69 लाख लोगों की मौत हुई है। वहीं ब्राजील में 33.17 लाख संक्रमितों में से 1.07 लाख मरीजों की मौत हुई है। संक्रमितों की संख्या के मामले में भारत तीसरे और मौतों के मामले में चौथे स्थान पर है।