Page Loader
इस कंपनी ने अविवाहित कर्मचारियों को शादी न करने पर दी नौकरी से निकालने की धमकी
कंपनी सिंगल कर्मचारियों को दे रही नौकरी से निकालने की धमकी (प्रतीकात्मक तस्वीर: पिक्सेल)

इस कंपनी ने अविवाहित कर्मचारियों को शादी न करने पर दी नौकरी से निकालने की धमकी

लेखन सयाली
Feb 24, 2025
12:16 pm

क्या है खबर?

शादी करना या न करना लोगों की व्यक्तिगत पसंद पर निर्भर करता है। हालांकि, क्या हो अगर आपकी कंपनी शादी करने के लिए आप पर जोर डाले? ऐसा ही कुछ चीन की एक कंपनी में हुआ, जहां अविवाहित कर्मचारियों को शादी न करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी गई थी। कंपनी का मकसद था की सभी कर्मचारी सितंबर से पहले शादी कर लें। आइए इस विचित्र नियम के बारे में विस्तार से जानते हैं।

मामला

कंपनी ने बनाया था यह अजीबोगरीब नियम

पूर्वी चीन के शांदोंग प्रांत के शंटियन केमिकल ग्रुप ने जनवरी में एक नीति की घोषणा की थी, जिसमें कंपनी के विवाह दर को बढ़ाने का वादा किया गया था। इसके तहत कंपनी में काम करने वाले 28-58 साल के सभी कुंवारे या तलाकशुदा कर्मचारियों को शादी करने की हिदायत दी गई थी। अगर वे जून के अंत तक शादी नहीं करते, तो उनका मूल्यांकन होता। सितंबर तक सिंगल रहने वाले कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की धमकी मिली थी।

कारण

इस कंपनी ने क्यों उठाया यह कदम?

इस कंपनी ने यह कदम इस कारण से उठाया था, क्योंकि चीनी सरकार ने देश में विवाह दर को बढ़ाने की गुजारिश की थी। कंपनी ने घोषणा में कहा था, "विवाह दर में सुधार के लिए सरकार के आह्वान पर प्रतिक्रिया न देना विश्वासघात होगा। अपने माता-पिता की बात न सुनना सही नहीं है। खुद को अकेला छोड़ देना अच्छा नहीं है। अपने सहकर्मियों की उम्मीदों पर खरा न उतरना अन्याय है।"

कार्यवाई

अधिकारियों ने इस कंपनी की लगाई फटकार

जब अधिकारियों को इस नियम का पता लगा तो उन्होंने इस कंपनी की जमकर फटकार लगाई। एक सरकारी कर्मचारी ने कहा कि यह चीन के श्रम कानून का उल्लंघन था। स्थानीय मानव संसाधन एवं सामाजिक सुरक्षा ब्यूरो ने बताया कि उन्होंने 13 फरवरी को कंपनी का निरीक्षण किया। इसके बाद, अगले ही दिन कंपनी ने इस नीति को वापस ले लिया। बता दें कि अब तक किसी भी कर्मचारी को शादी न करने पर नौकरी से नहीं निकाला गया था।

सोशल मीडिया

सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा

यह खबर जल्द ही आग की तरह सोशल मीडिया पर फैल गई और इसपर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगीं। एक ऑनलाइन उपयोगकर्ता ने कहा, "इस पागल कंपनी को अपने काम से मतलब रखना चाहिए और कर्मचारियों की निजी जिंदगी में दखल नहीं देना चाहिए।" इतना ही नहीं, एक उपयोगकर्ता ने यह भी सवाल उठाया कि शादी करने के बाद क्या यह कंपनी कर्मचारियों को बच्चे पैदा करने पर भी मजबूर करेगी?