LOADING...
ब्राजील की नन बनीं दुनिया की सबसे बुजुर्ग व्यक्ति, 116 साल है उनकी उम्र 
ब्राजील की नन बनीं दुनिया की सबसे उम्रदराज व्यक्ति

ब्राजील की नन बनीं दुनिया की सबसे बुजुर्ग व्यक्ति, 116 साल है उनकी उम्र 

लेखन सयाली
Jan 05, 2025
11:29 am

क्या है खबर?

शनिवार को जापान की रहने वाली टोमिको इटूका का 116 साल की उम्र में निधन हो गया था, जो दुनिया की सबसे बुजुर्ग व्यक्ति थीं। हालांकि, उनके दुनिया को अलविदा कहने के बाद अब ब्राजील की महिला ने यह खिताब अपने नाम कर लिया है। उनका नाम इनाह कैनाबारो लुकास है और उनकी उम्र 116 साल है। बता दें कि इनाह एक नन हैं, जिन्होनें अपना जीवन यीशु मसीह को समर्पित कर दिया है।

गिनीज बुक

इनाह ने अपनी उम्र के कारण बनाए 2 विश्व रिकॉर्ड

गिनीज बुक ने 4 जनवरी को आधिकारिक तौर पर इनाह को 'दुनिया की सबसे उम्रदराज व्यक्ति' और 'दुनिया की सबसे उम्रदराज महिला' के रूप में मान्यता दी है। इनाह 'दुनिया की सबसे बुजुर्ग नन' भी हैं, जिनका जन्म 8 जून, 1908 को ब्राजील के रियो ग्रांडे डो सुल में स्थित साओ फ्रांसिस्को डी असिस में हुआ था। उनके पिता का नाम जोआओ एंटोनियो लुकास और उनका माता का नाम मारियाना कैनाबारो लुकास था।

जीवन

16 साल की उम्र में की थी अपने धार्मिक जीवन की शुरुआत

इनाह बचपन में बेहद पतली थीं, जिस कारण लोगों को लगता था कि वह ज्यादा जी नहीं पाएंगी। हालांकि, उनकी स्वस्थ जीवनशैली के कारण वह अब तक जीवित हैं। उन्होंने 16 साल की उम्र में अपना धार्मिक जीवन शुरू किया था। तब वह सांता टेरेसा डी जीसस बोर्डिंग स्कूल में पढ़ती थीं। इसके बाद मोंटेवीडियो में उन्होंने 27 दिसंबर, 1928 को नन बनने की शपथ ली थी। 1930 में वह ब्राजील लौट आईं और एक स्कूल में शिक्षिका बन गईं।

सम्मान

इनाह को मिल चुका है पोप फ्रांसिस का आशीर्वाद

इनाह को 2018 में उनके 110वें जन्मदिन पर सम्मानित किया गया था और पोप फ्रांसिस ने उन्हें आशीर्वाद भी दिया था। ल्यूसिल रैंडन के बाद इनाह अब तक दर्ज की गई दुनिया की दूसरी सबसे उम्रदराज नन हैं। बता दें कि ल्यूसिल ने 118 साल की उम्र में अपनी अंतिम सांस ली थी, जिससे पहले तक वह दुनिया की सबसे बुजुर्ग व्यक्ति हुआ करती थीं। कहा जाता है कि इनाह आखिरी जीवित व्यक्ति हैं, जिनका जन्म 1908 में हुआ था।

पुरुष

दुनिया के सबसे बुजुर्ग पुरुष भी हैं ब्राजील निवासी 

25 नवंबर को ब्राजील के जोआओ मारिन्हो नेटो को गिनीज बुक की तरफ से आधिकारिक तौर पर 'दुनिया का सबसे बुजुर्ग पुरुष' घोषित किया गया था। 5 अक्टूबर, 1912 को मारंगुआपे में जन्मे नेटो की उम्र 112 वर्ष 52 दिन है और वह अब साल 1912 में पैदा हुए अंतिम जीवित व्यक्ति भी हैं। नेटो ने बताया कि उनके लंबे जीवन का रहस्य अच्छे लोगों से घिरे रहना और अपने प्रियजनों को अपने करीब रखना है।