LOADING...
युवक ने हाथों के बल 25.03 सेकंड में 75 सीढियां उतरकर बनाया विश्व रिकॉर्ड

युवक ने हाथों के बल 25.03 सेकंड में 75 सीढियां उतरकर बनाया विश्व रिकॉर्ड

लेखन अंजली
Jul 05, 2023
06:31 pm

क्या है खबर?

ताकत और संतुलन का एक अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए 29 वर्षीय हरि चंद्र गिरि नामक युवक ने हाथों के बल सबसे तेज 75 सीढ़ियां उतरने का विश्व रिकॉर्ड बनाया है। हरि ने महज 25.03 सेकंड के भीतर यह कारनामा करके गिनीज बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया है। उन्होंने साल 2014 में बनाए गए अमेरिकी युवक मार्क केनी के पिछले रिकॉर्ड को 5 सेकंड से अधिक समय से तोड़ दिया, जिन्होंने 30.8 सेकंड में ऐसा किया था।

गिनीज बुक

नेपाल के बौद्ध मंदिर में किया हरि ने प्रदर्शन

नेपाल के रहने वाले हरि का रिकॉर्ड बनाने का प्रयास एक बौद्ध मंदिर जामचेन विजया स्तूप की सीढ़ियों पर हुआ, जो काठमांडू घाटी के पास स्थित है। हरि द्वारा किए गए कारनामे को तेज गति से करना बेहद खतरनाक और कठिन है, लेकिन हरि ने बिना गिरे चुनौती को पूरा करने के लिए अपने शरीर पर बेहतरीन नियंत्रण का प्रदर्शन करते हुए इसे आसान बना दिया। बता दें कि हरि नेपाली सेना के खेल केंद्र में काम करते हैं।

विश्व रिकॉर्ड

हरि ने 3 साल में बनाएं 4 विश्व रिकॉर्ड

हरि 8 साल की उम्र से ही अपने हाथों से सीढ़ियां उतरने के कौशल को निखार रहे हैं और अब उन्होंने इस प्रतिभा का उपयोग करके 4 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड खिताब हासिल किए हैं। उनका पहला रिकॉर्ड साल 2021 में बना था, जहां उन्होंने सबसे तेज समय में 50 सीढ़ियां उतरकर स्विट्जरलैंड के केविन डेल्को का रिकॉर्ड तोड़ा। हरि ने इसे 12.65 सेकंड में पूरा किया, जबकि केविन का रिकॉर्ड 14.58 सेकंड का था।

Advertisement

अन्य रिकॉर्ड

ये 3 रिकॉर्ड भी हैं हरि के नाम

एक साल बाद 4 मई, 2022 को हरि ने 25.58 सेकंड में पैरों के बीच फुटबॉल के साथ हाथों के बल सबसे तेज 50 मीटर चलकर चीन के झांग शुआंग के 26.09 सेकंड के रिकॉर्ड को तोड़ा था। उसी दिन हरि ने पैरों के बीच फुटबॉल के साथ हाथों के बल सबसे तेज 10 मीटर चलकर एक नया रिकॉर्ड भी बनाया। ऐसा उन्होंने 4.49 सेकंड में किया। 2023 में अब हरि ने अपने संग्रह में एक और रिकॉर्ड जोड़ा है।

Advertisement

तैयारी

अगला रिकॉर्ड बनाने की तैयारी कर रहे हैं हरि

अब हरि अपने हाथों पर चलते हुए भारी वाहनों को खींचने का रिकॉर्ड बनाने की तैयारी कर रहे हैं। हाथों के बल चलकर खींचे गए सबसे भारी वाहन का रिकॉर्ड 4,020 किलोग्राम (8,862 पाउंड) है, जो साल 2019 में इटली के रहने वाले माटेओ पावोन द्वारा बनाया गया था। इसके अतिरिक्त हाथों के बल चलकर 50 मीटर तक कार खींचने का सबसे तेज समय 1 मिनट 13.27 सेकंड है, जिसे साल 2021 में झांग शुआंग ने बनाया था।

Advertisement