Page Loader
स्पेन: व्यक्ति ने हाई हील्स पहनकर 12.82 सेकंड में 100 मीटर की लगाई दौड़, बनाया रिकॉर्ड
व्यक्ति ने हील्स पहनकर लगाई दौड़

स्पेन: व्यक्ति ने हाई हील्स पहनकर 12.82 सेकंड में 100 मीटर की लगाई दौड़, बनाया रिकॉर्ड

लेखन गौसिया
Jun 24, 2023
10:50 am

क्या है खबर?

रिकॉर्ड बनाना आसान नहीं है। वही लोग रिकॉर्ड बना पाते हैं जो कड़ी मेहनत और लगन के साथ समय का सामंजस्य बिठाकर अभ्यास करते हैं। इस बात को रिकॉर्डधारक अच्छे से समझते हैं, तभी तो उन्हें सफलता मिलती है। स्पेन निवासी एक व्यक्ति इस बात को बखूबी समझता है और उसके नाम 57 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड हैं। अब उन्होंने हील्स पहनकर 12.82 सेकंड में 100 मीटर की दौड़ लगाकर एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया है।

रिकॉर्ड

2.76 इंच ऊंची हील्स पहनकर क्रिश्चियन ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के मुताबिक, 34 वर्षीय क्रिश्चियन रॉबर्टो लोपेज रोड्रिग्ज नामक व्यक्ति ने 2.76 इंच की स्टिलेटो हील्स पहनकर 12.82 सेकंड में 100 मीटर की दौड़ लगाई। यह उसैन बोल्ट के वर्ल्ड रिकॉर्ड से 3.4 सेकंड कम है। इससे उन्होंने जर्मनी के आंद्रे ऑर्टोल्फ द्वारा बनाया गया पिछला तोड़कर नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। बता दें कि 2019 में आंद्रे ने 14.02 सेकंड में हाई हील्स में 100 मीटर दौड़ लगाई थी।

हील्स

रिकॉर्ड बनाने के लिए प्लेटफॉर्म जूते पहनने की नहीं है अनुमति

इस रिकॉर्ड का प्रयास करते समय क्रिश्चियन ने ऊंची एड़ी वाले स्टिलेटो पहने थे। इसमें एड़ियां कम-से-कम 7 सेंटीमीटर ऊंची और टिप पर 1.5 सेंटीमीटर से अधिक चौड़ी नहीं होनी चाहिए। इसका मतलब है कि इस रिकॉर्ड में प्लेटफॉर्म जूते पहनने की अनुमति नहीं है। इस तरह की हील्स पहनने से लोगों की स्थिरता और गति बहुत ही सीमित हो जाती है। सौभाग्य से क्रिश्चियन इन दर्दनाक हील्स को पहनने अपनी दौड़ पूरी करने में सफल रहे।

बयान

क्रिश्चियन को हील्स में तेज गति से दौड़ना लगता है चुनौतीपूर्ण 

क्रिश्चियन ने बताया कि इस रिकॉर्ड को हासिल करने के लिए उनकी तैयारी बहुत विशिष्ट थी। वह इससे यह साबित करना चाहते थे कि उनके जैसे टाइप-1 मधुमेह रोगी बिना मधुमेह वाले लोगों की तुलना में अधिक काम कर सकते हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा, "मुझे हाई हील्स में तेज गति से दौड़ने में सक्षम होना बहुत चुनौतीपूर्ण लगता है। हालांकि, स्पेन में इस तरह की दौड़ें होती रहती हैं और ये हमेशा मेरे लिए अच्छी साबित हुई हैं।"

जानकारी

ये रिकॉर्ड भी अपने नाम कर चुके हैं क्रिश्चियन

जानकारी के मुताबिक, क्रिश्चियन ने कई अन्य वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाए हैं। इनमें ठुड्ढी पर साइकिल को सबसे लंबे समय तक संतुलित करना, नाक पर किसी वस्तु को सबसे लंबे समय तक संतुलित करना और 3 चीजों के साथ लगातार सीढ़ियां चढ़ना शामिल हैं।

इंस्टाग्राम पोस्ट

यहां देखिए हील्स पहने व्यक्ति के तेज गति में दौड़ने का वीडियो