Page Loader
IPL के पूरे हुए 12 साल, जानिए 12 अनसुने रिकार्ड्स

IPL के पूरे हुए 12 साल, जानिए 12 अनसुने रिकार्ड्स

लेखन Neeraj Pandey
May 09, 2020
11:40 am

क्या है खबर?

शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 12 साल पूरे हो चुके हैं और लोग टूर्नामेंट के इन सफल सालों की अहम चीजों को याद कर रहे हैं। इस लीग में अब तक कई बड़े रिकॉर्ड बने हैं और इन रिकॉर्ड्स के बारे में लगभग सभी को पता है, लेकिन कुछ ऐसे छोटे-छोटे रिकॉर्ड हैं जिनके बारे में कम ही लोगों को पता होगा। एक नजर ऐसे ही 12 अनसुने रिकॉर्ड्स पर।

#1&2

गेल और धोनी के नाम हैं ये निराशाजनक रिकॉर्ड

1) 200 से ज़्यादा के स्कोर का पीछा करते समय क्रिस गेल की औसत 20.66 है। गेल की टीमों को 200+ का टार्गेट नौ बार मिला है और हर बार उनकी टीम को हार मिली है। 2) सुनील नरेन के खिलाफ महेन्द्र सिंह धोनी अब तक एक भी बाउंड्री नहीं लगा सके हैं। 59 गेंदों में धोनी ने 29 रन बनाए हैं। किसी अन्य बल्लेबाज ने किसी एक गेंदबाज के खिलाफ बिना बाउंड्री के 50 से ज़्यादा गेंद नहीं खेली।

#3&4

रसेल और जडेजा के नाम हैं ये रोचक रिकॉर्ड

3) आंद्रे रसेल ने IPL में 120 छक्के और 96 चौके लगाए हैं। अन्य बल्लेबाज, जिन्होंने 30 से ज़्यादा छक्के लगाए हैं, के मुकाबले रसेल चौकों से ज़्यादा छक्के लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। 4) रविंद्र जडेजा ने 128 पारियों में 1,927 रन बनाए हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर 48 का है। बिना अर्धशतक लगाए सबसे ज़्यादा पारियां खेलने और 1,000 से ज़्यादा रन बनाने वाले वह इकलौते बल्लेबाज हैं।

जानकारी

मेडन ओवर से जुड़े रिकॉर्ड

5) प्रवीण कुमार ने IPL में सबसे ज़्यादा 14 मेडन ओवर फेंके हैं। इसके बाद इरफान पठान ने सबसे ज़्यादा 10 मेडन फेंके हैं। मोहित शर्मा ने बिना मेडन फेंके सबसे ज़्यादा 288.2 ओवर फेंके हैं।

#6&7

शतकों के मामले में ये हैं कुछ अनोखे रिकॉर्ड

6) कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए पहला और इकलौता शतक 2008 में ब्रेंडन मैकुलम ने RCB के खिलाफ लगाया था। उसके बाद से टीम ने 193 मैच खेले हैं और उनके लिए सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर दिनेश कार्तिक (97*) ने बनाया है। 7) 2009 में शतक बनाने के लिए मनीष पाण्डेय ने 67 गेंदों का सामना किया था जो IPL का सबसे धीमा शतक है और वह शतक लगाने वाले इकलौते टीनएजर हैं।

जानकारी

सबसे ज़्यादा बार नीलामी में बिके हैं उनादकट

8) IPL नीलामी में जयदेव उनादकट सबसे ज़्यादा नौ बार बिके हैं और वह सबसे ज़्यादा बार बिकने वाले खिलाड़ी हैं। दिनेश कार्तिक, युवराज सिंह, अमित मिश्रा और आरोन फिंच 6-6 बार बिक चुके हैं।

#9&10

स्कोर का पीछा करते समय बने हैं ये रिकॉर्ड

9) स्कोर का पीछा करते समय सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर बनाने का रिकॉर्ड KXIP के लिए खेलने वाले पॉल वल्थाटी (120*) के नाम दर्ज है। 10) रोहित शर्मा ने स्कोर का पीछा करते समय 20वें ओवर की आखिरी गेंद का सामना तीन बार किया और तीनों ही बार छक्का लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई है। कोई भी अन्य बल्लेबाज एक बार से ज़्यादा ऐसा नहीं कर पाया है।

#11&12

चौकों और छक्कों से जुड़े हैं ये रिकॉर्ड

11) एक ओवर की छह गेंदों पर लगातार छह चौके लगाने वाले अजिंक्या रहाणे इकलौते बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2012 में RCB के खिलाफ श्रीनाथ अरविंद के खिलाफ यह कारनामा किया था। 12) स्पिन गेंदबाज पीयूष चावला ने सबसे ज़्यादा 171 छक्के खाए हैं। तेज गेंदबाजों की बात करें तो ड्वेन ब्रावो ने सबसे ज़्यादा 135 छक्के खाए हैं। किरोन पोलार्ड ने अमित मिश्रा को 14 छक्के लगाए हैं जो एक बल्लेबाज का किसी गेंदबाज के खिलाफ सबसे ज़्यादा है।