Page Loader
व्हाट्सऐप यूजर्स को मिलेगा नया फीचर, स्टेटस अपडेट्स में शेयर कर पाएंगे वॉइस नोट्स
व्हाट्सऐप स्टेटस अपडेट्स में वॉइस नोट्स शेयर किए जा सकेंगे।

व्हाट्सऐप यूजर्स को मिलेगा नया फीचर, स्टेटस अपडेट्स में शेयर कर पाएंगे वॉइस नोट्स

Jul 14, 2022
11:02 am

क्या है खबर?

मेसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप अपने यूजर्स को बेहतर अनुभव देने के लिए लगातार नए फीचर्स देता रहता है। इमोजी रिऐक्शंस और वेवफॉर्म्स वॉइस नोट्स के बाद ऐप नए फीचर पर काम कर रही है, जिसके साथ यूजर्स अपने स्टेटस अपडेट्स में वॉइस नोट्स शेयर कर पाएंगे। अभी यूजर्स केवल टेक्स्ट, फोटोज और वीडियोज ही स्टेटस की तरह शेयर कर सकते हैं। 24 घंटे के लिए ऑडियो नोट्स स्टेटस में लगाए जा सकेंगे और इसके बाद अपने आप डिलीट हो जाएंगे।

रिपोर्ट

'वॉइस स्टेटस' होगा नए फीचर का नाम

व्हाट्सऐप फीचर्स और अपडेट्स ट्रैक करने वाली वेबसाइट WABetaInfo ने नए फीचर की जानकारी दी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि स्टेटस में शेयर किए गए ऐसे नोट्स को 'वॉइस स्टेटस' कहा जाएगा। नए फीचर का स्क्रीनशॉट भी सामने आया है, जिसमें इसके काम करने का तरीका दिख रहा है। बताया गया है कि वॉइस स्टेटस शेयर करने के लिए यूजर्स को स्टेटस टैब में अलग से एक आइकन दिखाया जाएगा।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

व्हाट्सऐप दुनिया की सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली चैटिंग ऐप है। अकेले भारत में ही इसके 48.7 करोड़ यूजर्स (अक्टूबर, 2021) हैं, जो इसका सबसे बड़ा मार्केट है। ब्राजील लिस्ट में दूसरा नाम है, जहां व्हाट्सऐप यूजर्स की संख्या 11.8 करोड़ है।

तरीका

ऐसे काम करेगा नया व्हाट्सऐप फीचर

रिपोर्ट के मुताबिक, 'स्टेटस अपडेट्स सेक्शन में एक नया आइकन सबसे नीचे दिखाया जाएगा, जिसपर टैप कर यूजर्स स्टेटस अपडेट में शेयर करने के लिए ऑडियो रिकॉर्ड कर पाएंगे।' वॉइस स्टेटस केवल उन्हीं के साथ शेयर किया जाएगा, जिन्हें आपने स्टेटस प्राइवेसी सेटिंग्स में चुना है। यानी कि बाकी स्टेटस अपडेट्स की प्राइवेसी सेटिंग्स ही इसपर भी लागू होंगी। कंपनी ने बताया कि स्टेटस में शेयर किए जाने वाली फोटोज और वीडियोज की तरह वॉइस नोट्स भी एंड-टू-एंड एनक्रिप्टेड होंगे।

इंतजार

अभी डिवेलपमेंट मोड में है वॉइस स्टेटस फीचर

स्टेटस अपडेट्स से जुड़ा नया फीचर अभी डिवेलपमेंट मोड में है, इसलिए इसके आधिकारिक रिलीज का इंतजार करना होगा। अभी इसे बीटा टेस्टर्स के लिए भी रिलीज नहीं किया गया है। वॉइस स्टेटस के अलावा कंपैनियन मोड और ऑनलाइन स्टेटस छुपाने जैसे विकल्प भी डिवेलपमेंट मोड में हैं, जिनकी बीटा वर्जन में टेस्टिंग के बाद इन्हें सभी के लिए रिलीज किया जाएगा। हालांकि, कंपनी ने इस फीचर की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

फीचर

कंपैनियन मोड फीचर की टेस्टिंग

मेसेजिंग ऐप यूजर्स को एकसाथ कई डिवाइसेज से चैटिंग करने का आसान विकल्प मिलने जा रहा है। नए फीचर को कंपैनियन मोड नाम दिया गया है, जिसके साथ यूजर्स कई फोन्स में लॉगिन कर और चैट्स ऐक्सेस कर सकेंगे। इसकी मदद से कई डिवाइसेज के बीच चैट हिस्ट्री सिंक्रोनाइज की जा सकेगी। यानी कि टेलीग्राम ऐप्स की तरह कई फोन्स में एक ही अकाउंट से लॉगिन और उनसे चैटिंग की जा सकेगी।

बदलाव

केवल एक स्मार्टफोन बनता है प्राइमरी डिवाइस

यूजर्स को अभी केवल एक स्मार्टफोन में ही प्राइमरी डिवाइस की तरह व्हाट्सऐप इस्तेमाल करने का विकल्प मिलता है। अगर आप उन यूजर्स में से हैं, जो एक से ज्यादा स्मार्टफोन्स इस्तेमाल करते हैं, तो नया कंपैनियन मोड आपके लिए व्हाट्सऐप चैट्स ऐक्सेस करना आसान कर देगा। बता दें, अभी यूजर्स प्राइमरी फोन के अलावा बड़ी स्क्रीन पर वेब या व्हाट्सऐप फॉर PC या मैकOS के साथ चैटिंग कर सकते हैं।