Page Loader
दूसरों को पता चले बिना छोड़ पाएंगे व्हाट्सऐप ग्रुप, जल्द किया जाएगा नया बदलाव
व्हाट्सऐप यूजर्स को ग्रुप से जुड़ा नया फीचर जल्द मिल सकता है।

दूसरों को पता चले बिना छोड़ पाएंगे व्हाट्सऐप ग्रुप, जल्द किया जाएगा नया बदलाव

May 17, 2022
03:41 pm

क्या है खबर?

व्हाट्सऐप पर एक बात ढेरों यूजर्स को परेशान करती है कि वे दूसरे मेंबर्स को पता चले बिना ग्रुप नहीं छोड़ सकते। इस वजह से कई बार व्हाट्सऐप यूजर्स को ऐसे ग्रुप का हिस्सा बने रहना पड़ता है, जिन्हें वे छोड़ना चाहते हैं। अब सामने आया है कि जल्द मौजूदा सिस्टम में बदलाव होने वाला है और यूजर्स को ग्रुप छोड़ने की जानकारी बाकी मेंबर्स को नहीं दी जाएगी। नए बदलाव के संकेत ऐप के बीटा वर्जन में मिले हैं।

रिपोर्ट

डिवेलपमेंट स्टेज में है नया फीचर

व्हाट्सऐप अपडेट्स और फीचर्स को मॉनीटर करने वाली वेबसाइट WABetaInfo ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि नया बदलाव अभी डिवेलपमेंट मोड में है। ऐप को अगले कुछ सप्ताह में मिलने वाले अपडेट्स में यह फीचर रोलआउट किया जा सकता है। इस फीचर के साथ किसी के ग्रुप छोड़ने पर सभी मेंबर्स को चैट बॉक्स में उसका नोटिफिकेशन नहीं दिखाया जाएगा। अभी नए मेसेज की तरह सभी मेंबर्स को दिखाया जाता है कि किसने ग्रुप जॉइन किया या छोड़ा है।

बदलाव

केवल ग्रुप एडमिन्स को दी जाएगी जानकारी

यूजर के ग्रुप छोड़ने की खबर किसी को नहीं होगी, ऐसा नहीं है और ग्रुप एडमिन्स को इसकी जानकारी दी जाएगी। बदलाव से जुड़ा एक स्क्रीनशॉट भी रिपोर्ट में दिखा है, जिसके हिसाब से यूजर के ग्रुप छोड़ने की जानकारी उसे और ग्रुप एडमिन्स को ही होगी। इस तरह बाकी ग्रुप मेंबर्स को किसी के ग्रुप छोड़ने का पता नहीं चलेगा। अनचाहे फैमिली ग्रुप्स और दोस्तों के ग्रुप्स छोड़ना इस बदलाव के बाद आसान हो जाएगा।

रोलआउट

व्हाट्सऐप डेस्कटॉप बीटा वर्जन में दिखा नोटिफिकेशन

नए बदलाव की जानकारी ग्रुप लीव करने की स्थिति में 'एग्जिट ग्रुप' प्रॉम्प्ट दिखाने के साथ ही यूजर को दी जाएगी। मेसेज में लिखा होगा कि 'केवल आपको और ग्रुप एडमिन्स को पता चलेगा कि आपने ग्रुप छोड़ा है।' नए फीचर को एंड्रॉयड और iOS बीटा वर्जन्स भी टेस्ट किया जाए ऐसा जरूरी नहीं है, इसके बजाय सीधे स्टेबल अपडेट में इसे सभी डिवाइसेज के लिए रोलआउट किया जा सकता है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

व्हाट्सऐप के दुनियाभर में दो अरब से ज्यादा यूजर्स हैं और इस ऐप की मदद से रोज 34 करोड़ मिनट की वीडियो कॉल्स की जाती हैं। अकेले भारत में ही 20 करोड़ से ज्यादा यूजर्स रोज व्हाट्सऐप इस्तेमाल करते हैं।

रिच-प्रिव्यू

स्टेटस अपडेट्स के लिए रिच-प्रिव्यू फीचर

मेसेजिंग ऐप एक और एक नए फीचर पर काम कर रहा है, जिसके साथ स्टेटस में वेबसाइट्स और लिंक्स शेयर करना आसान हो जाएगा। अभी कोई लिंक स्टेटस में शेयर करने पर पूरा लिंक दिखता है, जिसपर टैप करने पर इसका प्रिव्यू दिखाया जाता है। बदलाव के बाद वेब पेज का प्रिव्यू यूजर्स को स्टेटस में दिखेगा। नए फीचर का फायदा उन यूजर्स को मिलेगा, जो स्टेटस अपडेट्स में लिंक्स शेयर करते हैं।

मेंबर्स

व्हाट्सऐप ने बढ़ाई ग्रुप्स की मेंबर लिमिट

पिछली रिपोर्ट में सामने आया है कि कंपनी ने व्हाट्सऐप ग्रुप्स में मेंबर्स लिमिट बढ़ा दी है। पहले 251 मेंबर्स को ही एक ग्रुप का हिस्सा बनाया जा सकता था, और अब 512 मेंबर्स तक एक ग्रुप से जुड़ पाएंगे। साथ ही व्हाट्सऐप ट्विटर जैसा पोल फीचर भी अपनी मेसेजिंग ऐप के लिए टेस्ट कर रहा है। पोल्स में सवाल पूछने वाला अधिकतम 12 विकल्प तक दे सकेगा, जिनपर बाकी ग्रुप मेंबर्स वोट कर पाएंगे।