Page Loader
2026 तक AI सुलझाने लगेगा जटिल व्यावसायिक समस्याएं, सैम ऑल्टमैन ने की भविष्यवाणी
2026 तक AI सुलझाने लगेगा जटिल व्यावसायिक समस्याएं

2026 तक AI सुलझाने लगेगा जटिल व्यावसायिक समस्याएं, सैम ऑल्टमैन ने की भविष्यवाणी

Jun 03, 2025
05:16 pm

क्या है खबर?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के भविष्य में और भी अधिक शक्तिशाली होने का अनुमान लगाया जा रहा है। OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन ने स्नोफ्लेक समिट 2025 में कहा कि 2026 तक AI व्यवसायों की जटिल समस्याओं को हल करने में सक्षम हो जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले AI मॉडल बहुत ज्यादा काम के होंगे। ये सिर्फ कामों को ऑटोमैटिक नहीं करेंगे, बल्कि कंपनियों की बड़ी मुश्किलों को हल करने में भी मदद करेंगे।

 भूमिका 

AI एजेंटों की भूमिका और नई खोजों की संभावना 

ऑल्टमैन का मानना है कि AI एजेंट अब कंपनियों में जूनियर कर्मचारियों जैसे काम कर रहे हैं। कुछ कंपनियां इन्हें ग्राहक सेवा और बिक्री में लगा रही हैं। अगले साल ये एजेंट नए ज्ञान की खोज और जटिल समस्याओं के समाधान में मदद कर सकते हैं। भविष्य में ऐसे AI वैज्ञानिक बन सकते हैं जो विज्ञान में नई खोज कर सकें। यह क्षण तकनीकी दुनिया में बेहद अहम माना जाएगा।

OpenAI एजेंट 

OpenAI द्वारा लॉन्च किए गए खास एजेंट 

जनवरी में OpenAI ने 'ऑपरेटर' नामक AI एजेंट लॉन्च किया, जो यूजर के लिए किराना खरीदने, फॉर्म भरने जैसे कार्य कर सकता है। इसे बाद में भारत सहित कई देशों में उपलब्ध कराया गया। कंपनी ने 'डीप रिसर्च' नामक एजेंट भी पेश किया, जो इंटरनेट पर गहराई से रिसर्च कर सकता है। वहीं 'कोडेक्स' नामक AI सॉफ्टवेयर इंजीनियर बग फिक्सिंग और कोडिंग जैसे कई काम एक साथ कर सकता है।

 सोच 

AGI को लेकर सोच और तकनीकी प्रगति की रफ्तार 

ऑल्टमैन ने कहा कि AGI यानी आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस कब आएगा, यह जरूरी नहीं है। जरूरी यह है कि AI की प्रगति की गति तेज बनी रहे। उन्होंने कहा कि अगर AI वैज्ञानिक खोजों की रफ्तार 4 गुना बढ़ा सके, तो यह AGI के बराबर होगा। स्नोफ्लेक के CEO रामास्वामी ने भी कहा कि असली महत्व प्रगति की दर में है, न कि इस बात में कि AGI कब आएगा या कैसे दिखेगा।