Page Loader
भाजपा को 15 मार्च तक मिल सकता है नया अध्यक्ष, महिला संभाल सकती है कमान
भाजपा को 15 मार्च तक नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल सकता है

भाजपा को 15 मार्च तक मिल सकता है नया अध्यक्ष, महिला संभाल सकती है कमान

लेखन आबिद खान
Mar 02, 2025
03:22 pm

क्या है खबर?

भाजपा को 15 मार्च तक अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल सकता है। पार्टी के कई राज्यों में अभी संगठन के चुनाव चल रहे हैं, जिनके जल्द खत्म होने की उम्मीद है। ऐसे में खबरें हैं कि होली तक भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐलान हो सकता है। बता दें कि राज्य इकाइयों के चुनाव जनवरी तक पूरे होने थे, लेकिन दिल्ली विधानसभा चुनाव की वजह से इनमें देरी हुई है।

राज्य

उत्तर प्रदेश समेत कई राज्य अध्यक्षों का ऐलान जल्द

भाजपा के संविधान के अनुसार, 50 प्रतिशत राज्यों में चुनाव से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव नहीं हो सकता। अब तक भाजपा ने 12 राज्यों में चुनाव पूरे कर लिए हैं और प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान भी कर दिया है। भाजपा 2 से 3 दिन में उत्तर प्रदेश के जिलाध्यक्षों की घोषणा कर सकती है। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान किया जाएगा। अगले 10-15 दिन में बचे राज्यों में चुनाव होने की खबरें हैं।

महिला

पहली बार कोई महिला बन सकती है अध्यक्ष

रिपोर्ट्स के मुताबिक, भाजपा किसी महिला के हाथ में राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान सौंप सकती है। चर्चाएं हैं कि दक्षिण भारत से किसी महिला को यह जिम्मेदारी मिल सकती है। दावेदारों में महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और कोयंबटूर विधायक वनथी श्रीनिवासन और आंध्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दग्गुबाती पुरंदेश्वरी का नाम चर्चा में है। पुरंदेश्वरी 2014 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आई थीं। वहीं, वनथी हाल ही में कई कार्यक्रमों में गृह मंत्री अमित शाह के साथ नजर आई हैं।

दावेदार

पद के लिए और कौन-कौन हैं दावेदार?

केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी, बंडी संजय कुमार, प्रह्लाद जोशी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नाम भी चर्चाओं में हैं। धर्मेंद्र प्रधान, भूपेंद्र यादव और विनोद तावड़े भी संभावित उम्मीदवारों में से हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल और संगठन महासचिव बीएल संतोष को लेकर भी दावे किए जा रहे हैं। बंसल को गृह मंत्री अमित शाह का करीबी माना जाता है।

प्लस

भाजपा अध्यक्ष से जुड़ी ये बातें भी जानिए 

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के लिए सबसे जरूरी है कि नामांकन करने वाला व्यक्ति कम से कम 15 साल तक पार्टी का प्राथमिक सदस्य रहा हो। प्रदेश या राष्ट्रीय कार्यकारिणी के कम से कम 20 सदस्य अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए किसी व्यक्ति के नाम का प्रस्ताव पेश कर सकते हैं। भाजपा अध्यक्ष का कार्यकाल 3 साल का होता है और एक व्यक्ति लगातार 2 बार राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है।

नड्डा

फिलहाल जेपी नड्डा है अध्यक्ष

जेपी नड्डा को पहली बार 17 जून, 2019 को पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नामित किया गया था। वे 20 जनवरी, 2020 तक इस पद पर बने रहे। 20 जनवरी, 2020 को उन्हें पार्टी का 11वां अध्यक्ष चुना गया और तब से वे इस पद पर हैं। लोकसभा चुनाव को देखते हुए उनका कार्यकाल बढ़ाया गया था। फिलहाल वे भाजपा अध्यक्ष के साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री की जिम्मदेारी भी संभाल रहे हैं।