LOADING...
बर्फबारी-बारिश के बाद कोहरे ने फिर दी दस्तक, आज कैसा रहेगा मौसम? 
बारिश के बाद देश के कई राज्यों में आज सुबह कोहरा देखने को मिला (तस्वीर: एक्स/@shubhrata_p)

बर्फबारी-बारिश के बाद कोहरे ने फिर दी दस्तक, आज कैसा रहेगा मौसम? 

Feb 05, 2025
09:22 am

क्या है खबर?

उत्तर भारत के कई राज्यों में मंगलवार (4 फरवरी) को हुई हल्की बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया है। दिल्ली से लेकर राजस्थान तक सर्दी के तेवर तीखे हो गए हैं और कई जगह कोहरा भी देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज कुछ राज्यों में बादल छाए रहने के साथ बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में इसका असर सर्दी में बढ़ोतरी और कोहरे के रूप में दिखाई देगा।

बर्फबारी 

पहाड़ों पर हुई बर्फबारी 

पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी राज्यों में मौसम बदल गया है। हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा व कुंजम दर्रे में दिनभर रुक-रुक कर बर्फबारी हुई। स्पीति घाटी में लोसर से लेकर समदो तक 2 से 3-इंच बर्फ की परत जम गई। साथ ही कुछ जिलों में बारिश भी हुई। दूसरी तरफ कश्मीर घाटी में भी बर्फबारी हो रही है, जिससे तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है। आज भी पहाड़ी राज्यों में बारिश-बर्फबारी की आशंका है।

दिल्ली 

राजधानी में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली NCR में मंगलवार को हल्की बारिश होने से सर्दी का असर तेज हो गया है। आज सुबह कई इलाकों में कोहरा और आसमान में बादल छाए रहने से ठिठुरन बढ़ गई है। इससे राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में थोड़ा सुधार होने से प्रदूषण से राहत मिली है। मंगलवार सुबह AQI 249 दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम 25 डिग्री रहने की संभावना जताई है।

बारिश 

उत्तर प्रदेश में दी यह चेतावनी 

मौसम विभाग ने आज उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, नोएडा, बागपत, बुलंदशहर, आगरा और बरेली समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। दूसरी तरफ लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर में घना कोहरा रहने की संभावना है। 8 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। राजस्थान में आज कुछ जगह बारिश और कोहरा रहने की संभावना है।