Page Loader
अरविंद केजरीवाल का हरियाणा सरकार पर बड़ा आरोप, भाजपा ने यमुना में जहर मिलाकर दिल्ली भेजा
अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा सरकार पर यमुना के पानी को जहरीला करने का आरोप लगाया

अरविंद केजरीवाल का हरियाणा सरकार पर बड़ा आरोप, भाजपा ने यमुना में जहर मिलाकर दिल्ली भेजा

लेखन गजेंद्र
Jan 27, 2025
05:12 pm

क्या है खबर?

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पानी के मुद्दे को लेकर हरियाणा की भाजपा सरकार को घेरा है। उन्होंने सोमवार को कहा, "दिल्ली के लोगों को पीने का पानी हरियाणा और उत्तर प्रदेश से मिलता है। यमुना में पानी हरियाणा से दिल्ली आता है। हरियाणा की भाजपा सरकार ने यमुना के पानी में जहर मिलाकर दिल्ली भेज दिया है। भला हो, हमारे जल बोर्ड के इंजीनियरों का, जिन्होंने ये पकड़ लिया।"

आरोप

दिल्ली में होती काफी लोगों की मौत- केजरीवाल

केजरीवाल ने कहा कि इंजीनियरों ने दिल्ली की सीमा पर ही पानी को रोक लिया और पानी को दिल्ली आने से रोका। उन्होंने बताया कि अगर पानी दिल्ली के अंदर आता और पीने के पानी में मिल जाता तो दिल्ली में न जाने कितने लोगों की मौत हो जाती और बड़ी संख्या में नरसंहार होता। केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार ने पानी में ऐसा जहर मिलाकर भेजा, जिसकी सफाई वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में भी नहीं हो सकती।

आरोप

आगे क्या बोले केजरीवाल?

केजरीवाल ने आगे कहा, "इस वजह से दिल्ली में एक तिहाई पीने के पानी की कमी हो गई है। मैं दिल्लीवासियों से कहना चाहता हूं कि इस तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए, ये बहुत गंदी राजनीति है। ऐसे तो दुश्मन देश होते हैं। पहले देखा गया था कि अमेरिका ने जापान ने परमाणु बम फेंक दिया था। हम लोगों ने ऐसा दो देशों के बीच देखा था, लेकिन आज भाजपा ने दिल्ली में पानी में जहर मिलाकर भेज दिया।"

दावा

चुनाव आयोग को तुरंत पत्र लिखा गया है

केजरीवाल ने कहा, "भाजपा ने ऐसा करके दिल्ली में अफरा-तफरी मचाने, लोगों को मारने और आरोप आम आदमी पार्टी पर लगाने की सोची है। मैं भाजपा को कहना चाहता हूं कि इतना हद तक मत गिरो। आप दिल्ली को पराया समझते हैं, लेकिन दिल्ली हमारे परिवार का हिस्सा है। मुख्यमंत्री आतिशी और भगवंत मान ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा है और मिलने का समय मांगा है। मैं समझता हूं कि चुनाव आयोग मामले में तुरंत हस्तक्षेप करेगा।"

ट्विटर पोस्ट

सुनिए, क्या बोले अरविंद केजरीवाल