Page Loader
आंध्रप्रदेश सरकार की नई योजना, 93 लाख महिलाओं को मिलेंगे स्मार्टफोन और 10-10 हजार रुपये

आंध्रप्रदेश सरकार की नई योजना, 93 लाख महिलाओं को मिलेंगे स्मार्टफोन और 10-10 हजार रुपये

Jan 25, 2019
07:00 pm

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव से पहले आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा की है। उन्होंने ग्रामीण महिला व बाल विकास कार्यक्रम (DWRCA) के तहत महिला स्वयं-सहायता समूहों (SHGs) से जुड़ी महिलाओं के लिए कल्याणकारी योजना शुरू की है। इस योजना का नाम 'पासुपु-कुमकुम' रखा गया है। मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि इस योजना के तहत स्वयं-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को 1-1 स्मार्टफोन और 10-10 हजार रुपये दिए जाएंगे।

चेक

तीन किस्तों में मिलेंगे पैसे

नायडू ने बताया कि यह राशि तीन चरणों में चेक के माध्यम से दी जाएगी। ये तीनों चेक फरवरी के पहले हफ्ते में दिए जाएंगे। पहले चरण में Rs. 2,500 की राशि दी जाएगी। इस पैसे को तुरंत निकाला जा सकता है। इसके बाद Rs. 3,000 के दूसरे चेक को फरवरी के अंत में भुनाया जा सकेगा। तीसरा चेक Rs. 4,000 का होगा, जिसे अप्रैल में भुनाया जा सकेगा। बता दें, उस समय तक चुनाव बिल्कुल नजदीक आ चुके होंगे।

बयान

नायडू ने क्या कहा?

इस योजना की शुरुआत के मौके पर नायडू ने कहा, "मैं महिलाओं के आत्म-सम्मान की रक्षा करना चाहता हूं। मैं एक भाई होने के नाते उनकी मदद कर रहा हूं। हमारे पास पर्याप्त पैसा नहीं हैं, लेकिन अपनी बहनों की मदद करने के लिए मैं उधार लेने को तैयार हूं।" नायडू कडप्पा और विशाखापट्टनम में भी ऐसी ही बैठकें आयोजित करेंगे। माना जा रहा है कि उन बैठकों में भी ऐसी ही और घोषणाएं हो सकती हैं।

फायदा

इतनी महिलाओं को होगा फायदा

सरकारी अनुमान के मुताबिक, राज्य की लगभग 93 लाख महिलाएं DWRCA कार्यक्रम के तहत रजिस्टर्ड है। सरकार की इस नई योजना पर लगभग Rs. 9,400 करोड़ का खर्च आयेगा। साल 2014 से लेकर नायडू सरकार ने स्वयं-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं पर लगभग Rs. 21,116 करोड़ खर्च किए हैं। इस खर्च में इन महिलाओं के खातों में पैसे भेजना और उनके लोन माफी करने आदि के खर्च शामिल हैं।