Page Loader
लोकसभा चुनाव 2019: उत्तर प्रदेश मे मिलकर चुनाव लड़ सकती हैं सपा-बसपा, गठबंधन में कांग्रेस नहीं

लोकसभा चुनाव 2019: उत्तर प्रदेश मे मिलकर चुनाव लड़ सकती हैं सपा-बसपा, गठबंधन में कांग्रेस नहीं

Jan 05, 2019
04:48 pm

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का गठबंधन मूर्त रूप लेता दिख रहा है। सूत्रों के मुताबिक, दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन को लेकर सहमति बन गई है और जल्द ही इसका औपचारिक ऐलान किया जा सकता है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को बसपा सुप्रीमो मायावती से मुलाकात की थी। बताया जा रहा है कि इस मुलाकात में गठबंधन पर चर्चा हुई। आइये जानते हैं पूरी खबर।

मुलाकात

मायावती से मिले अखिलेश

अखिलेश ने मायावती से उनके दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की। लगभग घंटे भर चली इस मुलाकात में उत्तर प्रदेश में दोनों पार्टियों के बीच सीट बंटवारे और उसके फॉर्मूले पर चर्चा हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 80 लोकसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश में सपा 35 और बसपा 36 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। अजीत सिंह की पार्टी राष्ट्रीय लोक दल को 3 सीटें दी जाएंगी और 4 सीटें रिजर्व रखी जाएंगी। गठबंधन अमेठी और रायबरेली में अपने उम्मीदवार नहीं उतारेगा।

कांग्रेस को झटका

गठबंधन में नहीं होगी कांग्रेस

लोकसभा चुनावों में मोदी सरकार को रोकने के लिए विपक्षी पार्टियां एकजुट हो रही हैं। माना जा रहा था कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस, सपा और बसपा मिलकर चुनाव लड़ेंगी, लेकिन ऐसा होता नहीं दिख रहा है। सपा और बसपा के इस गठबंधन से कांग्रेस का बाहर रहना तय माना जा रहा है। तीन राज्यों में सरकार बनाने के बाद कांग्रेस का आत्मविश्वास बुलंद है और वह कम सीटों पर चुनाव लड़ने का समझौता करने को तैयार नहीं है।

जानकारी

उपचुनाव में अपनी ताकत दिखा चुका है गठबंधन

उत्तर प्रदेश के फूलपुर और गोरखपुर उपचुनाव में विपक्षी पार्टियों ने गठबंधन कर अपने उम्मीदवार उतारे थे और सत्तारूढ़ भाजपा से दोनों सीटे छीन ली थी। खास बात यह थी कि ये दोनों सीटें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंंत्री और उपमुख्यमंत्री की सीटे थीं।

2014 लोकसभा चुनाव

पिछले लोकसभा चुनाव में क्या रहा था हाल

2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी लहर के सामने बसपा, सपा और कांग्रेस बुरी तरह पराजित हुई थी। कांग्रेस को इन चुनावों में दो सीटें मिली थी। वहीं सपा 21 सीटों और बसपा 34 सीटों पर दूसरे स्थान पर रही थी। फिलहाल उत्तर प्रदेश से लोकसभा में कांग्रेस के 2 और सपा के 7 सांसद हैं। 2014 में भाजपा को उत्तर प्रदेश में 42.6 फीसदी, सपा को 22 फीसदी और बसपा को लगभग 20 फीसदी वोट मिले थे।

महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में कांग्रेस और राकांपा का गठबंधन तय

उत्तर प्रदेश में जहां कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है वहीं महाराष्ट्र में पार्टी शरद यादव की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) से हाथ मिलाकर चुनावी समर को पार करेगी। दोनों पार्टियों के बीच राज्य की 48 लोकसभा सीटों में से 40 पर गठबंधन तय हो चुका है। दोनों पार्टियां 20-20 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। बाकी 8 सीटों पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। राकांपा के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने इस गठबंधन का ऐलान किया।