Page Loader
कहीं अधिक चीनी युक्त खाद्य पदार्थ तो नहीं खा रहे आप? इन संकेतों से लगाएं पता

कहीं अधिक चीनी युक्त खाद्य पदार्थ तो नहीं खा रहे आप? इन संकेतों से लगाएं पता

लेखन अंजली
May 05, 2021
03:46 pm

क्या है खबर?

डाइट में चीनी का शामिल होना बहुत जरूरी है, लेकिन ध्यान रखें कि इसकी मात्रा सीमित हो। दरअसल, अधिक चीनी युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन शरीर पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे शारीरिक संकेतों के बारे में बताते हैं, जो इस बात की ओर इशारा करते हैं कि आप जरूरत से ज्यादा चीनी युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन कर रहे हैं। इन संकेतों को जानने के बाद आपको सतर्क हो जाना चाहिए।

#1

वजन का बढ़ना

यह जरूरत से ज्यादा चीनी युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन करने का सबसे स्पष्ट शारीरिक संकेत है। अगर आपको अपना पेट बढ़ा हुआ लगने लगा है तो समझ जाइए कि आप अधिक चीनी युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन करने लगे हैं। वैसे कभी-कभी कुछ शारीरिक समस्याओं के कारण भी लोगों का वजन बढ़ता है। ऐसे में आप हर दिन कितनी चीनी का सेवन कर रहे हैं, इस पर नजर रखें।

#2

अधिक थकान महसूस करना

कई लोग थकान को एक सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जो कि गलत है। दरअसल, यह भी अधिक चीनी युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन एक संकेत हो सकता है। आपके आहार में चीनी का बढ़ा हुआ स्तर आपके ऊर्जा के स्तर को गिरा सकता है, जिसके कारण आप खुद में अधिक थकान महसूस कर सकते हैं। चीनी युक्‍त खाद्य पदार्थों में पोषण की कमी होती है इसलिए ऊर्जा स्तर अधिक समय तक नहीं रहता है।

#3

दांतों में सड़न होना

अधिक चीनी युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन दांतों का स्वास्थ्य भी प्रभावित कर सकता है। ज्यादा चीनी युक्त खाद्य पदार्थ खाने से दांतों में कीड़ा लग जाता और दांत सड़ जाते हैं। इसलिए अगर आप पता लगाना चाहते हैं कि कहीं आप ज्यादा चीनी युक्त खाद्य पदार्थ तो नहीं खा रहे तो आपको अपने दांत देखने चाहिए। अगर आपके दांत में सड़न या फिर कीड़ा लग गया है तो आपको चीनी की मात्रा में कमी कर देनी चाहिए।

#4

त्वचा पर पड़ता है नकारात्मक प्रभाव

जरूरत से ज्यादा चीनी युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन त्वचा के लिए भी नुकसानदायक सिद्ध हो सकता है। जब आप अधिक मात्रा में चीनी युक्त खाद्य पदार्थ खाते हैं तो आपको मुंहासे के साथ-साथ झुर्रियों की समस्‍या हो सकती है। ज्‍यादा चीनी खाने से त्वचा में तेल का स्राव अधिक हो जाता है, जिसके कारण मुंहासे होने लगते हैं। ऐसे में अपने स्किन केयर रूटीन को दोष न दें और स्वस्थ त्वचा के लिए अपनी चीनी की खपत कम करें।