LOADING...
फरवरी के महीने में उगाएं ये फूल, महक उठेगा आपका बगीचा 

फरवरी के महीने में उगाएं ये फूल, महक उठेगा आपका बगीचा 

लेखन सयाली
Feb 04, 2024
12:04 pm

क्या है खबर?

फरवरी के महीने का आगमन हो चुका है। इस महीने में सर्दियों की धीमे-धीमे विदाई होने लगती है और धूप भी अच्छी तरह से निकलने लगती है। ऐसे में यह महीना नए पौधों के बीजों को लगाने के लिए सटीक समय है। फरवरी गर्मियों में फूल देने वाले बीजों को गमलों में लगाने का भी एक अच्छा समय है। आज हम आपको ऐसे 5 फूलों के बारे में बताएंगे, जो फरवरी में उगाने के लिए बढ़िया विकल्प हैं।

#1

लिली 

बदलते मौसम के दौरान लिली का पौधा उगाया जा सकता है। लिली गर्मियों में उगने वाला अच्छा फूल है। यह फूल घर की सजावट में भी काम आता है। लिली को शरद ऋतु से वसंत तक किसी भी समय लगाया जा सकता है। इन्हें धूप वाले स्थान पर नरम मिट्टी में लगभग 15-20 सेमी गहराई में रोपित करें। यदि आपके पास गीली मिट्टी है तो इन बीजों को गमलों में लगा दें। बीजों पर रोजाना पानी जरूर डालें।

#2

सूरजमुखी 

जनवरी के खत्म होने से लेकर फरवरी की शुरुआत के बीच का समय सूरजमुखी का पौधा लगाने के लिए बढ़िया है। इस फूल के नाम से ही जाहिर हो जाता है कि इस पौधे को धूप में रखना है। सूरजमुखी का फूल उगाने के लिए खाद और पानी का ध्यान रखें। इसे गमले में लगाने के लिए मिट्टी को अच्छे से खुरेंच दीजिए। गमले में मिट्टी को डालने के बाद बीज को लगभग 1-2 इंच गहरा लगाना होता है।

#3

कॉसमॉस

कॉसमॉस ऐसे फूल हैं, जिन्हें उगाना आसान होता है। यह फूल घास के मैदानों में सुंदर लगते हैं। इन्हें उगाने के लिए इनके बीजों को अंकुरित करना पड़ता है। इसके लिए उन्हें प्रकाश की आवश्यकता होती है। एक गमले में बीज बो दें और ध्यान रहे कि इन्हें पर्याप्त धूप मिलती रहे। इसमें अच्छी तरह पानी और खाद जरूर डालें। रोजाना पौधे को पानी दें। इस फूल की ओर तितलियां आकर्षित होती हैं, जो आपके बगीचे की शोभा बढ़ाएंगी।

#4

गेंदा 

शादियों और पूजा में इस्तेमाल होने वाला सबसे लोकप्रिय फूल है गेंदा। हर त्योहार पर घर की सजावट तक के लिए इसका उपयोग किया जाता है। इसका पीला और नारंगी रंग पूजा के लिए शुभ माना जाता है। यह पौधा एक साथ ढेर सारे फूल देता है, जिससे आपका बगीचा सुंदर नजर आता है। इसकी सुगंध भी काफी मनमोहक होती है। साफ मिट्टी तैयार करके इस महीने में आप गेंदे का पौधा भी लगा सकते हैं।

#5

साल्विया

साल्विया फूल आकार में लंबा होता हैं, जो बगीचे में सबसे अलग नजर आएगा। यह कई प्रकार के बीजों से उगाया जा सकता है। फरवरी में इस पौधे का बीज बोएं। बीजों को मिट्टी के ऊपर बिखेर दें और फिर खाद से अच्छी परत से ढक दें। गमलों को घर के अंदर हल्के गर्म स्थान पर रखें। ऐसा करने से खाद में नमी बनी रहेगी। बता दें कि यह फूल सूर्य की किरणों के बीच अच्छी तरह से उगता है।