LOADING...
इंग्लैंड की पारी 247 रन पर हुई समाप्त, सिराज और कृष्णा ने झटके 4-4 विकेट
भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

इंग्लैंड की पारी 247 रन पर हुई समाप्त, सिराज और कृष्णा ने झटके 4-4 विकेट

Aug 01, 2025
10:18 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच ओवल में खेले जा रहे 5वें टेस्ट में इंग्लैंड की पहली पारी 247 रन पर समाप्त हो गई। पहली पारी के आधार पर ओली पोप की टीम ने 23 रन की बढ़त ली है। भारतीय टीम ने पहली पारी में 224 रन बनाए थे। इंग्लैंड के लिए जैक क्रॉली ने सबसे ज्यादा 64 रन बनाए। भारतीय टीम के लिए मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने 4-4 विकेट लिए।

लेखा-जोखा

ऐसी रही इंग्लैंड की पारी 

इंग्लैंड ने पहली पारी में जोरदार शुरुआत की थी और सिर्फ 12.5 ओवर में 92 रन बना दिए थे। हालांकि, इसके बाद टीम के नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। जैक क्रॉली और हैरी ब्रूक(53) को छोड़कर और कोई भी खिलाड़ी बल्ले से बेहतर नहीं कर पाया। भारतीय गेंदबाजों शुरू में बहुत महंगे साबित हुए, लेकिन उसके बाद जोरदार वापसी की। आकाश दीप ने भी 1 विकेट अपने नाम किया।

अर्धशतक

क्रॉली की पारी पर एक नजर 

क्रॉली ने 57 गेंदों का सामना किया और ताबड़तोड़ 64 रन बनाए। उनके बल्ले से 14 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 112.28 की रही। यह उनके टेस्ट करियर का 19वां और भारत के खिलाफ 8वां अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने केवल 42 गेंदों में पूरा किया। क्रॉली ने बेन डकेट के साथ मिलकर सिर्फ 77 गेंदों में 92 रन जोड़ दिए। डकेट 43 रन बनाकर आउट हुए। भारत के खिलाफ क्रॉली ने 14 टेस्ट में 838 रन बनाए हैं।

रिकॉर्ड

जो रूट ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का ये बड़ा रिकॉर्ड 

रूट ने 45 गेंदों का सामना किया और 29 रन बनाकर आउट हुए। इसी के साथ उन्होंने सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। घरेलू सरजमीं पर रूट के अब 7,224 रन हो गए हैं। तेंदुलकर ने भारत की धरती पर 7,216 रन बनाए थे। इस सूची में पहले स्थान पर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज रिकी पोंटिग हैं। उन्होंने अपने घरेलू सरजमीं पर 7,578 रन बनाए थे।

ब्रूक

बूक की पारी पर एक नजर 

ब्रूक ने मैच में 64 गेंदों का सामना किया और 53 रन बना दिए। उनके बल्ले से 5 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 82.81 की रही। यह उनके टेस्ट करियर का 13वां और भारत के खिलाफ दूसरा अर्धशतक रहा। उन्होंने अब तक 30 मुकाबले खेले हैं और इसकी 49 पारियों में 56.43 की औसत से 2,709 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 9 शतक भी निकले हैं। ब्रूक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 317 रन रहा है।

गेंदबाजी

सिराज की गेंदबाजी पर एक नजर 

सिराज ने 16.2 ओवर गेंदबाजी की और 1 मेडन के साथ 86 रन देकर 4 विकेट लिए। उन्होंने पोप (22), रूट (29), ब्रूक (53) और जैकब बेथल (6) को अपना शिकार बनाया। इस खिलाड़ी ने अपने टेस्ट करियर में 7वीं बार 4 विकेट हॉल लिया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 200 विकेट भी पूरे किए। वह इस सीरीज में सबसे ज्यादा 18 विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बने हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 16 टेस्ट में 45 विकेट लिए हैं।

गेंदबाजी

कृष्णा ने अपने टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया 

कृष्णा ने 16 ओवर गेंदबाजी की और 1 मेडन के साथ 62 रन देकर 4 विकेट झटके। उन्होंने क्रॉली (64), जेमी स्मिथ (8), जेमी ओवरटन (0) और गस एटिंकसन (11) को अपना शिकार बनाया। पहली बार इस खिलाड़ी ने अपने टेस्ट करियर में 4 विकेट हॉल लिया है। उन्होंने अब तक 6 मुकाबले खेले हैं और इसकी 10 पारियों में 35 की औसत से 18 विकेट चटकाए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ कृष्णा ने 3 मैच में 10 विकेट लिए हैं।