LOADING...
शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व देने में सक्षम हैं बादाम, जानिये इसके अद्भुत फायदे

शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व देने में सक्षम हैं बादाम, जानिये इसके अद्भुत फायदे

लेखन अंजली
Jul 11, 2020
06:39 pm

क्या है खबर?

सूखे मेवे आकार में भले ही छोटे होते हैं लेकिन कई पोषक तत्वों से समृद्ध होते हैं। इसी श्रेणी में बादाम भी शामिल है। अक्सर बड़े-बुजुर्ग को भी बादाम खाने की सलाह देते हैं क्योंकि उनके अनुसार बादाम खाने से याददाश्त तेजी होती है। इसके अन्य लाभों की बात करें तो बादाम के सेवन से कई प्रकार की शारीरिक और मानसिक समस्या के लक्षण को कम किया जा सकता है। चलिए फिर उन्हीं के बारे में चर्चा करें।

#1

हृदय को सुरक्षा प्रदान करता है बादाम

बादाम का सेवन हृदय को स्वस्थ रखने में काफी अहम भूमिका निभा सकता है क्योंकि बादाम के सेवन से लो डेंसिटी लिपोप्रोटीन-कोलेस्ट्रॉल को कम किया जा सकता है। यह शरीर को नुकसान पहुंचाने वाला कोलेस्ट्रॉल होता है जो हृदय रोग के जोखिम कारण बन सकता है। इसी के साथ ही बादाम के सेवन से अच्छे कोलेस्ट्रॉल यानी हाई डेंसिटी लिपोप्रोटीन-कोलेस्ट्रॉल के स्तर को संतुलित बनाए रखने में मदद मिल सकती है। यह हृदय के लिए लाभकारी हो सकता है।

#2

मस्तिष्क की शक्ति बढ़ाते हैं बादाम

बादाम के गुण में मस्तिष्क की कार्यप्रणाली को बेहतर करना भी शामिल है। बादाम का सेवन करने से बढ़ती उम्र के साथ कमजोर होती याददाश्त और मस्तिष्क से जुड़ी न्यूरोडीजेनेरेटिव बीमारी से बचा जा सकता है। दरअसल बादाम में पाए जाने वाले टोकोफेरोल, फोलेट, मोनो और पॉली अनसैचुरेटेड फैटी एसिड और पॉलीफेनोल्स पोषक तत्व एज एसोसिएटेड कॉगनिटिव डिस्फंक्शन (उम्र के साथ याददाश्त कमजोर होना) को रोकने का काम कर सकते हैं।

#3

आंखों को सुरक्षित रखने में सहायक हैं बादाम

बढ़ती उम्र के साथ-साथ आंखें भी कमजोर होने लगती हैं। ऐसे में आंखों की कमजोरी को दूर करने में बादाम का सेवन फायदेमंद हो सकता है। दरअसल, बादाम में विटामिन-ई और जिंक की भरपूर मात्रा पाई जाती है। ये पोषक तत्व आंखों से जुड़ी बीमारी एज रिलेटेड मैक्युलर डीजेनेरेशन को दूर रखने का काम करते हैं। इसी के साथ ही जिंक रेटिना को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी होता है।

#4

पाचन के लिए लाभदायक हैं बादाम

पर्याप्त मात्रा में अगर बादाम खाए जाए तो यह पाचन क्रिया के लिए सहायक हो सकता है क्योंकि इसमें डाइजेशन प्रोपर्टी पाई जाती है। इसके अलावा बादाम में फाइबर की भरपूर मात्रा पाई जाती है। फाइबर पाचन के दौरान शरीर में मौजूद तरल पदार्थ को आकर्षित करता है और उसके साथ मिलकर जेल का निर्माण करता है जिसकी वजह से पाचन प्रक्रिया अच्छे से काम करने के लिए प्रोत्साहित होती है।