जानिए पुश अप्स से मिलने वाले फायदे और इससे जुड़ी कुछ जरुरी बातें

शरीर में लचीलापन लाने, मांसपेशियों को मजबूत करने और फैट से फिट होने जैसे कई स्वास्थ्य लाभ हैं, जो रोजाना कुछ मिनट पुश अप्स करने से मिल सकते हैं। यह एक ऐसी एक्सरसाइज है, जिससे न सिर्फ आपके हाथ और पैर बल्कि पूरे शरीर की एक्सरसाइज होती है। आइए आज आपको पुश अप्स एक्सरसाइज करने का सही तरीका, इसके फायदे और इससे जुड़ी कुछ सावधानियां और एक्सरसाइज के दौरान अनजाने में की जाने वाली गलतियों के बारे में बताते हैं।
सबसे पहले जमीन पर पेट के बल लेट जाएं, फिर गर्दन को सीधा रखें और हथेलियों को कंधों के नीचे रखें। वहीं, पंजे जमीन से सटे हुए हों। अब हाथों पर जोर डालते हुए शरीर को धीरे-धीरे ऊपर-नीचे करें, लेकिन इस दौरान ध्यान रखें कि शरीर को नीचे लाते समय छाती जमीन से छूनी चाहिए। इसके बाद अपने हाथों को सीधा करें और 10 सेकंड इसी अवस्था में रहें, फिर वापस धीरे-धीरे नीचे आकर सामान्य हो जाएं।
अगर आपके कंधों या पीठ में किसी भी प्रकार की चोट या दर्द है तो पुश अप्स एक्सरसाइज को करने से बचें। हाथों में दर्द है या इनमें किसी तरह की सर्जरी हुई है तो भी यह एक्सरसाइज न करें। अपनी क्षमता से अधिक पुश अप्स न करें। गर्भवती महिलाओं को भी यह एक्सरसाइज नहीं करनी चाहिए। अगर आप किसी भी बीमारी से ग्रस्त है तो एक्सरसाइज को करने से पहले अपने डॉक्टर की सलाह लें।
पुश अप्स एक्सरसाइज शरीर में जमे अतिरिक्त वसा को कम करने में मदद कर सकती है। रोजाना पुश अप्स करने से मेटाबॉलिज्म बढ़ाने में मदद मिलती है। यह एक्सरसाइज एक बेहतरीन एनर्जी बूस्टर है। इस एक्सरसाइज से पीठ की मांसपेशियों पर खिंचाव पड़ता है, जिससे पीठ मजबूत होती है। अपने मूड को बेहतर करने के लिए भी आप पुश अप्स एक्सरसाइज का सहारा ले सकते हैं। इस एक्सरसाइज से हृदय के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
पुश अप्स करते समय अगर आप हाथों को जमीन पर ठीक से नहीं रखते हैं तो आपकी इस गलती के कारण आपके लिए एक्सरसाइज के दौरान संतुलन बनाना मुश्किल हो सकता है। इसलिए एक्सरसाइज के दौरान अपनी उंगलियों और हथेलियों को फैलाकर जमीन पर रखें। पुश अप्स के दौरान गर्दन को जकड़ना एक सामान्य गलती है। कूल्हों का ठीक से संतुलन न बनाना भी सबसे बड़ी गलती है। एक्सरसाइज के दौरान कंधों को जकड़कर रखना भी गलत है।