Page Loader
पोंगल के उत्सव के दौरान बनता है सक्करई पोंगल, जानिए इस मिठाई की रेसिपी

पोंगल के उत्सव के दौरान बनता है सक्करई पोंगल, जानिए इस मिठाई की रेसिपी

लेखन सयाली
Jan 12, 2025
07:12 pm

क्या है खबर?

पोंगल दक्षिण भारत का प्रमुख त्योहार है, जिसे विशेष तौर पर केरल और तमिलनाडु में मनाया जाता है। इस दिन सूर्य देव की पूजा की जाती है, फसलों की कटाई होती है और नए साल का उत्सव मनता है। पोंगल के दौरान सभी घरों में एक मीठा पकवान बनता है, जिसे सक्करई पोंगल या मीठा पोंगल कहा जाता है। आइए इस मिठाई को बनाने की आसान रेसिपी जानते हैं और यह समझते हैं कि इसका महत्त्व क्या है।

सक्करई पोंगल

क्या होता है सक्करई पोंगल?

सक्करई पोंगल दक्षिण भारत का मशहूर व्यंजन है, जिसके बिना पोंगल पर्व अधूरा माना जाता है। इसे बनाने के लिए चावल, मूंग की दाल, घी और गुड़ या चीनी का इस्तेमाल किया जाता है। पूजा-पाठ के बाद मंदिरों और घरों में इस पारंपरिक मिठाई का भोग लगाया जाता है। मान्यताओं के अनुसार, यह व्यंजन सदियों पहले फसलों के उगने की खुशी में पूर्वजों द्वारा बनाया जाता था। इस रिवाज को आज तक निभाया जा रहा है।

सामग्री

सक्करई पोंगल बनाने के लिए आवश्यक सामग्री?

इस मिठाई को तमिल भाषा में सक्करई पोंगल कहते हैं और तेलगु में इसे चक्रा पोंगल कहा जाता है। इसे बनाने के लिए घर में मौजूद सामग्री का इस्तेमाल किया जा सकता है। सक्करई पोंगल तैयार करने के लिए आपको आधा कप पीली मूंग की दाल, एक कप चावल, 250 ग्राम गुड़, 2 चम्मच किशमिश, 2 चम्मच काजू, एक चम्मच बादाम, 2 कप दूध, आधा कप घी, आधा चम्मच इलायची पाउडर और 4 कप पानी चाहिए होगा।

स्टेप 1

इस तरह करें सक्करई पोंगल बनाने की शुरुआत

सक्करई पोंगल बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में आधा कप पानी डालें और इसमें गुड़ मिला दें। इसे गुड़ के पूरी तरह पिघलने तक लगातार मिलाते रहें। अब इस पैन को गैस से उतार लें और अलग रख दें। एक अन्य पैन को गैस पर चढ़ाएं और उसमें मूंग की दाल डालकर भूनें। दूसरी तरफ, चावल को अच्छी तरह से धो लें और पानी में उबलने के लिए रख दें।

स्टेप 2

दूध में पकाकर तैयार करें सक्करई पोंगल

जब पानी में हल्का उबाल आने लगे, तब इसमें भुनी हुई दाल भी मिला दें। पानी के सूख जाने के बाद इसमें दूध डालें और अच्छी तरह मिलाएं। अब इसमें पिघला हुआ गुड़ और इलायची पाउडर डालें और अच्छी तरह मिला लें। एक अन्य पैन में घी गर्म करें और सभी मेवों को भून लें। इन्हें पोंगल वाले मिश्रण में मिलाएं और एक चम्मच घी भी शामिल करें। इसे परोसने से पहले इसपर बारीक कटे मेवे डाल दें।