ऑनलाइन शॉपिंग करते समय न करें ये गलतियां, हो सकता है नुकसान
क्या है खबर?
यह सच है कि ऑनलाइन शॉपिंग करने के कई फायदे हैं, लेकिन इसके नुकसानों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
अगर एक क्लिक करते समय आपसे कोई गलती हो जाए तो यह गलती परेशानी का सबब बन जाती है। इसलिए जरूरी है कि आप ऑनलाइन शॉपिंग करते समय कुछ चीजों का विशेष ध्यान रखें।
चलिए आज आपको बताते हैं कि ऑनलाइन शॉपिंग करते समय आपको कौन सी गलतियां करने से बचना चाहिए।
#1
शॉपिंग साइट का सुरक्षित न होना
अधिक डिस्काउंट के चक्कर में किसी भी शॉपिंग साइट से खरीदारी करना सबसे बड़ी भूल है।
दरअसल, शॉपिंग साइट पर आपको अपनी कई व्यक्तिगत जानकारी साझा करनी पड़ती हैं। ऐसे में अगर साइट सुरक्षित नहीं होगी तो इससे आपको बाद में भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
सुरक्षित साइट का पता लगाने के लिए पैडलॉक आइकन जरूर चेक करें। अगर साइट पर ताले का निशान नहीं है तो समझ जाइए कि वह सुरक्षित नहीं है।
#2
जल्दबाजी करना
ऑनलाइन शॉपिंग करते समय जल्दबाजी करना भी बड़ी गलती है। यह बेहद जरूरी है कि आप जिस चीज को खरीदना चाहते हैं, उससे जुड़ी मुख्य जानकारियों को अलग-अलग विश्वसनीय शॉपिंग साइट्स पर जाकर चेक करें।
मुख्य जानकारियों में आप उस चीज की कीमत और गुणवत्ता आदि बातों पर ध्यान दें।
इसी के साथ उस चीज को लेकर लोगों के ऑनलाइन रिव्यू भी जरूर पढ़ें। ऐसा करके आप खुद को नुकसान से बचा सकते हैं।
#3
पब्लिक वाई-फाई बन सकता है मुसीबत का कारण
भूल से भी पब्लिक वाई-फाई का इस्तेमाल करके ऑनलाइन शॉपिंग न करें क्योंकि इससे आपकी व्यक्तिगत जानकारी के असुरक्षित होने का खतरा रहता है।
अक्सर देखने में आता है कि लोग कैफे या किसी पब्लिक प्लेस में होते हैं और पब्लिक वाई-फाई का इस्तेमाल करके ऑनलाइन शॉपिंग कर लेते हैं।
हो सकता है कि वे जिस कनेक्शन का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह सुरक्षित ही न हो। इस स्थिति में उनकी व्यक्तिगत जानकारी हैकर्स आसानी से हैक कर सकते हैं।
#4
रिटर्न पॉलिसी न होना
अगर आपको किसी साइट पर कोई चीज पसंद आ रही है तो पहले उसकी रिटर्न पॉलिसी देखें। ऐसा न करना एक बड़ी गलती हो सकती है।
दरअसल, कई बार लोग ऑनलाइन चीजें खरीद तो लेते हैं, लेकिन जब यह उनके हाथ में आती हैं तो उन्हें यह महसूस होता है कि यह वैसी नहीं है, जैसा दिखाया गया था।
ऐसे में अगर साइट या प्रोडक्ट की 'नो रिटर्न पॉलिसी' होगी तो आपके पैसे बर्बाद हो जाएंगे।