Page Loader
कूल्हों में दर्द होने पर अपनाएं ये घरेलू नुस्खे, जल्द मिलेगा आराम
कूल्हों के दर्द को दूर करने वाले घरेलू नुस्खे

कूल्हों में दर्द होने पर अपनाएं ये घरेलू नुस्खे, जल्द मिलेगा आराम

लेखन अंजली
Nov 22, 2021
11:10 pm

क्या है खबर?

कूल्हों में दर्द होना एक आम बात है, लेकिन यह दर्द काफी असहनीय होता है और इसके कारण उठने-बैठने में भी दिक्कत होने लगती है। यह दर्द खराब जीवनशैली, मांसपेशियों में खिंचाव और कुछ जरूरी पोषक तत्वों की कमी के कारण हो सकता है। हालांकि, अगर आप कुछ घरेलू नुस्खे अपनाते हैं तो कूल्हों के दर्द से छुटकारा पा सकते हैं या फिर इससे बचे रह सकते हैं। आइए ऐसे ही कुछ घरेलू नुस्खों के बारे में जानते हैं।

#1

ठंडी सिकाई से भी मिल सकता है आराम

कूल्हों में होने वाले दर्द से राहत पाने के लिए बर्फ का इस्तेमाल करना भी लाभदायक है। इसमें भी कई ऐसे गुण होते हैं, जो कूल्हों के दर्द को दूर करके आराम दे सकते हैं। समस्या से राहत पाने के लिए एक सूती कपड़े में बर्फ का एक टुकड़ा लपेटें और इसे दर्द से प्रभावित कूल्हे पर हल्के हाथों से एक से दो मिनट तक मलें। इस प्रक्रिया को दिन में दो से तीन बार दोहराएं।

#2

हल्दी का करें सेवन

स्वास्थ्य संबंधित कई समस्याओं से छुटकारा दिलाने में हल्दी का इस्तेमाल सबसे कारगर घरेलू नुस्खों में से एक है। हल्दी में एंटी-इंफ्लेमेटरी और दर्द निवारक के साथ-साथ करक्यूमिन (Curcumin) नामक खास तत्व मौजूद होता है, जो कूल्हों के दर्द से छुटकारा दिलाने में काफी मदद कर सकता है। इसलिए कूल्हे में दर्द होने पर हल्दी को दूध में मिलाकर पीएं या फिर किसी भी अन्य तरीके से इसे अपनी डाइट में शामिल करें।

#3

तेल मालिश से मिलेगा आराम

कूल्हों में होने वाले दर्द को दूर करने के लिए तेल मालिश भी की जा सकती है। इसके पहले किसी भी मालिश वाले तेल की कुछ बूंदें हथेली पर लें, फिर अपनी उंगलियों की मदद से प्रभावित हिस्से में इसे लगाएं। इसके बाद हल्के हाथ से उस जगह को दबाएं और गोलाकार में मालिश करें। इस तरह करीब 10-15 मिनट तक रोजाना मालिश करें। ऐसा करने से कूल्हों का दर्द कुछ ही दिनों में छूमंतर हो जाएगा।

#4

योग और स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज भी है प्रभावी

अगर कूल्हों में दर्द की समस्या होने लगे तो घरेलू नुस्खे के तौर पर योग और स्ट्रेचिंग करना अच्छा विकल्प हो सकता है। जब भी आपको कूल्हों में दर्द महसूस हो तो कम से कम 15 मिनट तक वीरासन, गोमुखासन और वृक्षासन आदि योगासनों का अभ्यास करें। वहीं, योगाभ्यास से पहले और बाद में स्ट्रेचिंग करना न भूलें क्योंकि इसके अभ्यास से मांसपेशियों में लचीलापन आता है, जिससे कूल्हों को आराम मिलता है।