Page Loader
कूल्हों की अकड़न को दूर करने में मदद कर सकती हैं ये स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज
कूल्हों की अकड़न को दूर कर सकती हैं ये स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज

कूल्हों की अकड़न को दूर करने में मदद कर सकती हैं ये स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज

लेखन अंजली
Nov 12, 2021
08:00 pm

क्या है खबर?

कई बार गलत तरीके से उठने-बैठने या असामान्य गतिविधियों के कारण कई तरह की शारीरिक समस्याओं का सामना करना पड़ जाता है। इन्हीं समस्याओं में से एक है कूल्हों का अकड़ना, जिसे अक्सर कई लोग सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं और यही लापरवाही उन्हें भविष्य में भारी पड़ सकती है। आइए आज आपको कुछ ऐसी स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज के बारे में बताते हैं जिन्हें अपनाकर आप कूल्हों की अकड़न से छुटकारा पा सकते हैं।

#1

लंज के साथ स्‍पाइनल ट्व‍िस्‍ट

यह स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज करने के लिए सबसे पहले जमीन पर सावधान मुद्रा में खड़े हो जाएं। अब बाएं पैर के पंजे को बाहर की तरफ करके घुटने से मोड़ते हुए बैठें और दाएं पैर को पीछे की तरफ एकदम सीधा कर लें। इस दौरान आपको कूल्हे में खिंचाव सा महसूस होगा। इसके बाद दाएं हाथ को जमीन पर रखें और बाएं हाथ को आसमान की ओर सीधा करें। इस अवस्था में कुछ मिनट रहने के बाद धीरे-धीरे सामान्य हो जाएं।

#2

डबल नी टू चेस्ट स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज

इसके लिए सबसे पहले पीठ के बल लेटकर अपने दोनों घुटनों को मोड़ते हुए पेट या छाती के ऊपर लाएं। अब अपने हाथों से घुटनों को पकड़ें और 10 सेकेंड तक पकड़े रहें, फिर पहले वाली अवस्था में लौट जाएं। आप चाहें तो अपने हाथों से पैरों को सहारा देते हुए इस स्थिति में 15 से 30 सेकेंड के लिए रह सकते हैं। अंत में धीरे-धीरे अपने पैरों को नीचे कर लें।

#3

हिप ब्रिज स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज

इस स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज के लिए सबसे पहले एक्सरसाइज मैट पर पीठ के बल सीधे लेट जाएं। इसके बाद पैरों को इस तरह से मोड़ें जिससे शरीर का निचला हिस्सा ब्रिज जैसा दिखने लगे। अब अपने कूल्हों को धीरे-धीरे ऊपर-नीचे करें। आप चाहें तो अपनी सुविधा के लिए अपने सिर के नीचे एक तौलिए को लपेटकर रख सकते हैं। इस एक्सरसाइज को कम से कम एक मिनट तक दोहराएं।

#4

बटरफ्लाई स्ट्रेच एक्सरसाइज

इस स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज के लिए सबसे पहले एक्सरसाइज मैट पर अपने दोनों पैरों को आगे की ओर फैलाकर बैठ जाएं, फिर पैरों को मोड़कर अपने दोनों तलवों को आपस में मिला लें। इसके बाद दोनों हाथों से तलवों को पकड़ लें और अपने दोनों घुटनों को आराम-आराम से तितली के पंखों की तरह ऊपर-नीचे करें। इस दौरान सामान्य गति से सांस लेते रहें। कुछ सेकंड के बाद एक्सरसाइज को धीरे-धीरे छोड़ दें।