सर्दियों का लुत्फ लेना है तो भारत के इन रेगिस्तान में जरूर जाएं घूमने

भारत में घूमने वाली जगहों की कोई कमी नहीं है। ऐसे में आप कभी भी ये नहीं सोच सकते कि आपने पूरा भारत घूम लिया है, क्योंकि जब भी आप ऐसा सोचेंगे तो हम कुछ ऐसे अनोखी जगहों के बारे में बताएंगे, जिनके बारे में जानकर आप उस खूबसूरत जगह की सैर किए बिना रह नहीं पाएंगे। तो आइए आज जानें ऐसे ही खूबसूरत और अनोखे रेगिस्तानों के बारे में, जहां सर्दियों में अपनी छुट्टियां मजे से बिता सकते हैं।
भारत की खूबसूरत जगहों की बात की जाए तो गुजरात कुछ कम नहीं है, क्योंकि यहां पर कच्छ का रण यानी सफेद रेगिस्तान स्थित है। कच्छ में देखने लायक कई जगहें हैं, जिसमें कच्छ का सफेद रण आजकल पर्यटकों को लुभा रहा है। इसके अलावा मांडवी समुद्रतट का नज़ारा भी आपको लुभा सकता है। सर्दियों के दौरान यहां जाने का सही समय अक्टूबर से फरवरी का है, क्योंकि इस समय आप कच्छ के उत्सव का भी लुत्फ उठा सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश में स्थित स्पीती रेगिस्तान भारत का सबसे बर्फिला रेगिस्तान है, जिस वजह से यह क्षेत्र पर्यटनों के बीच बहुत ही प्रसिद्ध है। ऐसे में हिमाचल की इन घाटियों में प्रकृति की विविधता को देखना तो बनता है, क्योंकि कहीं आकाश छूती चोटियां हैं, तो कहीं बर्फीले रेगिस्तान का दूर तक फैला नजारा। स्पीति जाने का सबसे उपयुक्त समय अक्टूबर से मई का है, क्योंकि इस दौरान आप स्कीइंग आदि का लुत्फ उठा सकते हैं।
जैसलमेर भारत के उत्तर-पश्चिमी राज्य राजस्थान में स्थित एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। जैसलमेर के बीचों-बीच स्थित थार रेगिस्तान पर्यटकों के बीच बहुत प्रसिद्ध है, क्योंकि यहां की रेत पर आप ट्रैक्टर बाइक की सवारी कर सकते हैं और अपनी यात्रा को मजेदार बना सकते हैं। अगर आप स्पोर्ट्स के शौकीन हैं तो यह जगह आपके लिए बेहद खास है। सर्दियों के दौरान यहां जाने का उपयुक्त समय अक्टूबर से मार्च का है।
पुष्कर शहर को अकसर राजस्थान के 'रोज गार्डन' के रूप में जाना जाता है। इस शहर की खास बात यहां की संस्कृति, गुलाब के फूलों की खुशबू और भगवान ब्रह्मा को समर्पित एकमात्र मंदिर है। यहां पर आप रात में या सूर्यास्त के बाद ऊंट की सवारी का आनंद भी ले सकते हैं। इसके अलावा यहां कई ऐडवेंचर क्रियाएं जैसे रॉक क्लाइम्बिंग, रैपेलिंग और ज़िप लाइनिंग आदि कर सकते हैं। यहां जाने का सही समय अक्टूबर से मार्च का है।