Page Loader
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस: जानिए इस दिन को मनाने का कारण, महत्व और इस बार की थीम 
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के बारे में सब कुछ

अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस: जानिए इस दिन को मनाने का कारण, महत्व और इस बार की थीम 

लेखन गौसिया
Aug 12, 2023
06:00 am

क्या है खबर?

हर साल 12 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जाता है। युवाओं को समर्पित इस खास दिवस का उद्देश्य दैनिक जीवन में युवाओं के सामने पेश होने वाली परेशानियों और मुद्दों को सुनना, समझना और उजागर करना है। यह दिन युवाओं की आवाज, उनके काम और उनकी सार्थक पहल को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने का एक मौका है। आइये आज इस दिन के खास मौके पर इसके इतिहास, महत्व और इस बार की थीम के बारे में जानते हैं।

इतिहास

क्या है अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस का इतिहास? 

इस दिन को मनाने का सुझाव पहली बार 1998 में विश्व सम्मेलन में दिया गया था। सम्मेलन में शामिल हुए मंत्रियों ने युवाओं के लिए समर्पित एक दिन का प्रस्ताव रखा था। इस प्रस्ताव को अगले साल यानी 1999 में संयुक्त राष्ट्र सभा ने अपनाते हुए 12 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस मनाने की घोषणा की थी। इसके बाद 12 अगस्त, 2000 को सबसे पहली बार यह दिवस मनाया गया था।

उद्देश्य

इस खास दिन को मनाने का उद्देश्य

किसी भी देश की प्रगति के लिए युवाओं की भागीदारी सबसे अहम होती है। इस कारण इस खास दिन को मनाने का उद्देश्य सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक मुद्दों पर युवाओं की भागीदारी और उनकी भूमिका पर चर्चा करना है। इसके अलावा इसका उद्देश्य युवाओं में कानूनी मुद्दों के बारे में अधिक जागरूकता बढ़ाना भी है। यह दिन दुनियाभर में युवाओं द्वारा अनुभव की जाने वाली मुश्किलों और उनके समाधानों पर भी केंद्रित है।

तरीका

कैसे मनाया जाता है यह दिन? 

अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस को मनाने के लिए हर साल संयुक्त राष्ट्र एक थीम निर्धारित करता है। उस थीम के मुताबिक ही दुनियाभर में अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। कार्यक्रमों में दुनियाभर के युवाओं को थीम आधारित मुद्दों पर अपने विचार सभी के सामने रखने का मौका मिलता है। इसके बाद युवाओं की समस्याएं जानने के साथ-साथ ही उनके सुधार और समाधानों पर भी प्रयास किया जाता है।

थीम

क्या है इस बार की थीम?

अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस को इस बार 'युवाओं के लिए हरित कौशल: एक सतत विश्व की ओर' थीम के साथ मनाया जा रहा है। यह थीम पर्यावरण से जुड़ी तमाम परेशानियों को खत्म करने के साथ-साथ सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने पर भी आधारित है। इससे पहले बीते साल 2022 की थीम 'अंतर पीढ़ीगत एकजुटता: सभी उम्र के लिए एक दुनिया बनाना' थी। इस थीम का उद्देश्य हर उम्र के लोगों को एक साथ लेकर चलना था।