LOADING...
इन 5 खान-पान से जुड़ी भारतीय परंपराओं का पालन करने से मिल सकते हैं कई लाभ

इन 5 खान-पान से जुड़ी भारतीय परंपराओं का पालन करने से मिल सकते हैं कई लाभ

लेखन अंजली
Jul 14, 2024
08:17 am

क्या है खबर?

हर देश की खान-पान से जुड़ी परंपराएं हैं, जिनका अपना-अपना महत्व है। ऐसी ही कुछ परंपराएं और रीति-रिवाजें भारतीय खान-पान से भी जुड़ी हुई हैं, जो काफी लंबे से चली आ रही हैं क्योंकि उन्हें अपनाने से कई स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं। आइए आज हम आपको खान-पान से जुड़ी उन 5 मुख्य भारतीय परंपराओं के बारे में बताते हैं, जिनका स्वास्थ्य पर अच्छा प्रभाव पड़ सकता है।

#1

जमीन पर बैठकर खाना खाना 

अक्सर आपने बड़ों को यह कहते हुए सुना होगा कि जमीन पर बैठकर खाना खाना अच्छा होता है, लेकिन क्या आपने कभी इसके पीछे का कारण जानने की कोशिश की है? शायद नहीं। जमीन पर बैठकर खाना खाने का कारण यह है कि जब हम धरती पर दोनों पैर मोड़कर बैठते हैं तो यह सुखासन की मुद्रा बन जाती है, जिससे दिमाग की उन धमनियों को सकारात्मक संदेश पहुंचता है, जो पाचन क्रिया से जुड़ी होती हैं।

#2

मिट्टी के बर्तनों में खाना बनाना 

कई लोग पहले मिट्टी के बर्तनों में खाना बनाते थे। इसका सबसे पहला फायदा ये है कि इन बर्तनों में खाना बनाते समय तेल की बहुत कम जरूरत पड़ती है और भोजन स्वादिष्ट भी बनता है। दूसरी वजह है कि इनमें बनाया जाने वाला खाना कैल्शियम, फास्फोरस, आयरन, मैग्नीशियम और सल्फर जैसे पोषक तत्वों को अवशोषित कर लेता है। ये पोषक तत्व कई तरह के स्वास्थ्य लाभ देने में मदद कर सकते हैं।

#3

हाथ से खाना खाना

आपने कई लोगों को हाथ से खाना खाते हुए देखा होगा। यह एक प्राचीन भारतीय परंपरा है, जो आयुर्वेद से जुड़ी है। हाथ से खाना खाते समय पांचों उंगलियों का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे शरीर के पांचों तत्व (पृथ्वी, जल, अग्नि, आकाश और वायु) जागृत हो जाते हैं, जिससे पेट में पाचक रस निकलते हैं और खाने का स्वाद बढ़ जाता है। हालांकि, अब कुछ लोग मॉडर्न तरीके को अपनाते हुए चम्मच से भोजन करना पसंद करते हैं।

#4

भगवान को भोग लगाकर खाना खाना

हिंदू संस्कृति में खुद भोजन करने से पहले भगवान को भोग लगाया जाता है। इसके पीछे कई कारण हैं। माना जाता है कि भगवान के लिए खाना बनाते समय व्यक्ति के मन में सद्भाव होता है। यही सद्भाव व्यक्ति को अंदर से खुश रखता है और तनाव को दूर करता है। इसके अलावा भगवान को शुद्ध भोजन का भोग लगाया जाया है ताकि इंसान भी शुद्ध भोजन खाएं और बीमारियों से दूर रहें।

#5

भोजन के बाद मीठा खाना

भारतीयों में खाने के बाद मीठा खाने की भी परंपरा है। माना जाता है कि खाने के बाद मीठा खाने से पाचन सही रहता है। हालांकि, भोजन के बाद सभी मीठे व्यंजन सेहत के लिए फायदेमंद नहीं है। आप भोजन करने के बाद ऐसी कोई भी मीठी चीजें खा सकते हैं, जो प्राकृतिक चीनी के स्रोत होते हैं। इसमें फल, मेवे और गुड़ जैसी चीजें शामिल हैं।