Page Loader
अपने बच्चों को बनाकर खिलाएं ये 5 तरह की अनोखी आइसक्रीम, आसान है इनकी रेसिपी 

अपने बच्चों को बनाकर खिलाएं ये 5 तरह की अनोखी आइसक्रीम, आसान है इनकी रेसिपी 

लेखन सयाली
Jun 25, 2024
05:21 pm

क्या है खबर?

गर्मी का मौसम ठंडी-ठंडी आइसक्रीम खाने का सबसे अच्छा समय होता है। बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को आइसक्रीम खाना बेहद पसंद होता है। यह स्वादिष्ट खाद्य पदार्थ कई तरह की विविधताओं में उपलब्ध होता है। हालांकि, सभी लोग रोजाना आम, संतरे, स्ट्रॉबेरी और चॉकलेट फ्लेवर की आइसक्रीम खा-खा कर ऊब जाते हैं। ऐसे में आप खान-पान में ये 5 तरह की अनोखी आइसक्रीम शामिल करें, जिनकी रेसिपी भी आसान होती है।

#1

चाय की आइसक्रीम

आप अपनी मनपसंद चाय के स्वाद को आइस क्रीम में भी शामिल कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए एक पैन में दूध, क्रीम और चीनी डालकर पकाएं। इसमें चाय पत्ती, लौंग, इलायची पाउडर, अदरक का पाउडर और गुलाब जल मिलाएं। इसे तब तक उबालें, जब तक यह गाढ़ा न हो जाए। अब इस मिश्रण को ठंडा करें और आइसक्रीम के सांचों में भर दें। इसे 4 से 5 घंटे के लिए फ्रीज करें और आनंद लें।

#2

चॉकलेट और वसाबी की आइसक्रीम

वसाबी जापान में उगने वाले एक पौधे का हरा पेस्ट होता है, जिसका स्वाद कड़वा होता है। इस सामग्री को चॉकलेट के साथ मिलाकर स्वादिष्ट आइसक्रीम बनाई जा सकती है। एक पैन में दूध, क्रीम और कंडेंस्ड दूध डालकर पकाएं। अब इसमें चीनी डालकर तब तक पकाएं, जब तक मिश्रण गाढ़ा न हो जाए। इसमें वसाबी पेस्ट और चॉकलेट सॉस मिला दें। इस मिश्रण को आइस क्रीम मेकर में मिलाएं और फ्रिज में जमने के लिए रख दें।

#3

हिबिस्कस और रास्पबेरी की आइसक्रीम 

यह आइसक्रीम रास्पबेरी की मिठास और गुड़हल के तीखे स्वाद को एक साथ जोड़ती है। इसे बनाने के लिए एक पैन में दूध गर्म करके उसमें क्रीम, चीनी, वेनिला का अर्क और नमक मिलाएं। अब एक अन्य पैन में चीनी और रास्पबेरी को पकाकर गाढ़ा सॉस तैयार करें। इसमें गुड़हल की सूखी पंखुड़ियां डालकर पकने दें। दोनों मिश्रणों को एक साथ मिलाकर फ्रिज में 5 घंटे के लिए जमने दें। आप गर्मी में ये आइसक्रीम भी बनाकर खा सकते हैं

#4

कटहल की आइसक्रीम

आप पके हुए कटहल से भी आइसक्रीम तैयार कर सकते हैं। एक पैन में कटहल को आधी कप चीनी के साथ धीमी आंच पर 30 मिनट तक पकने दें। जब यह मिश्रण ठंडा हो जाए तो पके हुए कटहल की प्यूरी बना लें और फ्रिज में रख दें। एक कटोरे में क्रीम, नारियल का दूध और चीनी डालें और अच्छी तरह मिला लें। इसमें कटहल की प्यूरी मिलाएं और मिश्रण को लगभग 2 घंटे के लिए ठंडा करें।

#5

नोलन गुड़ की आइसक्रीम

नोलेन गुड़ ताड़ की चीनी से बना एक बंगाली व्यंजन है, जिसे सर्दियों में खाया जाता है। इसकी आइसक्रीम बनाने के लिए सबसे पहले आइसक्रीम मेकर को ठंडा करें। एक पैन में दूध गर्म करके उसमें नोलन गुड़ मिला दें। गुड़ के पिघल जाने पर गैस को बंद कर दें। अब इस मिश्रण में क्रीम डालें और गाढ़े होने तक मिलाएं। मिश्रण को आइसक्रीम मेकर में डालकर मिलाएं और इसे 5 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें।