Page Loader
दिल्ली समेत उत्तर भारत में घने कोहरे के कारण शून्य दृश्यता, IMD ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग ने दिल्ली समेत उत्तर भारत में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है

दिल्ली समेत उत्तर भारत में घने कोहरे के कारण शून्य दृश्यता, IMD ने जारी की चेतावनी

लेखन नवीन
Jan 14, 2024
11:45 am

क्या है खबर?

उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में तापमान में भारी गिरावट के कारण लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। इस भीषण ठंड के बीच उत्तरी और पूर्वी राज्यों में घना कोहरा भी मुसीबत का सबब बना हुआ है, जिसे दृश्यता बुरी तरह प्रभावित हुई है। रविवार को भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने घने कोहरे और दृश्यता में गिरावट को लेकर चेतावनी जारी की है।

दृश्यता

कई स्थानों पर शून्य मीटर दर्ज की गई दृश्यता- IMD

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार सुबह पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बहुत घना कोहरा देखा गया है, जिससे यातायात सेवा प्रभावित हो रही है। इस सर्दी के मौसम में पहली बार गंगानगर, पटियाला, अंबाला, चंडीगढ़, पालम, सफदरजंग, बरेली, लखनऊ, बहराईच, वाराणसी, प्रयागराज और तेजपुर में दृश्यता शून्य मीटर दर्ज की गई है। पूर्णिया, डिब्रूगढ़, कैलाशहर और अगरतला जैसे क्षेत्रों में दृश्यता गिरकर 25 मीटर तक रिकॉर्ड की गई है।

जानकारी

कोहरे के कारण रेल सेवा हो रही है प्रभावित 

उत्तरी रेलवे के अनुसार, घने कोहरे के कारण देश के विभिन्न हिस्सों से दिल्ली आने वाली कम से कम 22 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। बीते दिन यानी शनिवार को दिल्ली से गुजरने वाली कम से कम 18 ट्रेनें प्रभावित हुई थीं।

अलर्ट

IMD ने यात्रियों के सावधानी बरतने का किया आग्रह

IMD ने घने कोहरे के चलते यात्रियों के लिए ऑरेंट अलर्ट जारी किया है। इसमें राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रियों से अत्यधिक सावधानी बरतने और वाहनों में यात्रा के दौरान 'फॉग लाइट' का इस्तेमाल करने का आग्रह किया है। IMD ने अपनी चेतावनी में खासकर एक्सप्रेसवे पर दृश्यता में सुधार होने तक यात्रियों को अपनी यात्रा स्थगित करने की सलाह दी है क्योंकि आने वाले दिनों में भी अधिकांश राज्यों में घने कोहरे की स्थिति बनी रहने का अनुमान है।

कोहरे

दिल्ली समेत कई स्थानों में कोहरे की बनी रहेगी स्थिति- IMD

IMD ने कहा है कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में 16 जनवरी तक रात और सुबह के दौरान घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में 15 जनवरी तक कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। यहां 16 और 17 जनवरी के बीच अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में 15-16 जनवरी तक घना कोहरा छाया रहने की संभावना है।

ठंड

IMD ने कहा - उत्तर भारत में जारी रहेगा शीतलहर का प्रकोप

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों उत्तर भारत में शीतलहर और भीषण ठंड जारी रहने की संभावना भी जताई है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। IMD ने कहा कि शनिवार को दिल्ली में इस सीजन का सबसे सर्द दिन ( 3.6 डिग्री सेल्सियस) रहा था और अगले 4 दिनों तक देश के उत्तर पश्चिम इलाकों में कोल्ड डे या सीवियर कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है।