
हिमाचल प्रदेश में फिर मंडराये आफत के बादल, कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
क्या है खबर?
पहाड़ों से लेकर मैदानों राज्यों तक मानसून खूब मेहरबान हो रहा है। कहीं-कहीं तो आफत बनकर बरस रहा है, जिसने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार (6 जुलाई) को हिमाचल प्रदेश और महाराष्ट्र में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। दूसरी तरफ हरियाणा, पंजाब, गुजरात, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्य प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 10 जुलाई तक बारिश का जोर बना रहेगा।
तबाही
हिमाचल प्रदेश में कई घर हुए बर्बाद
हिमाचल प्रदेश में बारिश जनित हादसों में 43 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घर तहस-नहस हो गए हैं और 240 सड़कें बंद हैं। मौसम विभाग ने रविवार को कांगड़ा, सिरमौर और मंडी में बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर में जहां एक तरफ भारी बारिश हो रही है तो दूसरी तरफ श्रीनगर में अधिकतम तापमान (37.4 डिग्री) ने 70 सालों का रिकॉड तोड़ दिया है, हालांकि रविवार सुबह बारिश होने से राहत मिली है।
ट्विटर पोस्ट
हिमाचल प्रदेश में बारिश से हुई तबाही का मंजर
#WATCH | Himachal Pradesh | Aftermath of the flash floods and cloud bursts in Mandi's Thunag (05.07) pic.twitter.com/WPN2ggrfwD
— ANI (@ANI) July 6, 2025
उमस-गर्मी
दिल्ली में उमस-गर्मी कर रही परेशान
दिल्ली में भले ही मानसून ने दस्तक दे दी है, लेकिन बारिश जोर नहीं पकड़ पाई है। इस कारण लोगों को गर्मी-उमस का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा था। IMD ने रविवार को हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। दूसरी तरफ पंजाब में भारी बारिश का रेड अलर्ट और हरियाणा के लिए ऑरेंज अलर्ट और चंड़ीगढ़ के लिए भी चेतावनी जारी की है।
भारी बारिश
उत्तर प्रदेश में जमकर बरस रहे बादल
मानसूनी बारिश उत्तर प्रदेश में जमकर बरस रही है। शनिवार रात को कई जिलों में झमाझम बारिश से सड़कों पर जलभराव हो गया। यहां रविवार समेत अगले 3 दिनों तक भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में 6 जुलाई को दक्षिण के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कम हो सकती हैं, लेकिन भरतपुर, जयपुर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में अगले 2-3 दिनों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।