LOADING...
महाराष्ट्र के इन 5 स्वादिष्ट पकवानों का लुत्फ उठाए बिना किरकिरा हो जाएगा मानसून का मजा

महाराष्ट्र के इन 5 स्वादिष्ट पकवानों का लुत्फ उठाए बिना किरकिरा हो जाएगा मानसून का मजा

लेखन सयाली
Jun 15, 2025
02:28 pm

क्या है खबर?

मानसून आ गया है और देश के कई हिस्से सुहानी बारिश से भीग रहे हैं। इस बीच सभी का मन करता है कि एक कप गर्मा-गर्म चाय के साथ बेसन के पकौड़े मिल जाएं। हालांकि, अगर आपने महाराष्ट्र के खान-पान का स्वाद चखा है तो आपको मालूम होगा की यहां का स्ट्रीट फूड मानसून के मजे को दोगुना कर देता है। अगर आप भी बारिश का मजा लेते हुए कुछ लजीज खाना चाहते हैं तो ये 5 मराठी पकवान बनाएं।

#1

वड़ा पाव

वड़ा पाव मुंबई का सबसे मशहूर स्ट्रीट फूड है, जिसे दुनिया के सर्वश्रेष्ठ सैंडविच की सूची में भी शामिल किया जाता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले आलू को उबालकर मीस लें और उसमें बारीक कटी हुई हरी मिर्च और लहसुन मिलाएं। इसके बाद बेसन में पानी मिलाकर घोल बनाएं और इसमें आलू का मिश्रण मिलाकर वड़े बनाएं। अब बेसन के घोल में वड़े डुबोकर गर्म तेल में तलें और पाव के साथ परोसें।

#2

कांदा पोहा

कांदा पोहा पुणे का पारंपरिक पकवान है, जो बारिश के मौसम में बहुत पसंद किया जाता है। इसकी रेसिपी की शुरुआत करने के लिए कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें राई, हरी मिर्च, लहसुन और हींग भूनें। अब इसमें बारीक कटा कांदा यानि प्याज और टमाटर डालकर पकने दें। इसमें नमक, हल्दी और लाल मिर्च पाउडर जैसे मसाले मिलाकर भूनें। अंत में इसमें पोहा, हरा धनिया, नींबू का रस, सेव और भुनी हुई मूंगफली डालकर परोसें।

#3

कांदा भजिया

बारिश के मौसम में चाय के साथ कांदा भजिया या कांदा भाजी ही सबसे अच्छी लगती है। यह प्याज से बने पकौड़े होते हैं, जो कुरकुरे और मसालेदार होते हैं। इसके लिए सबसे पहले प्याज को लच्छों में काट लें और लाल मिर्च पाउडर व नमक डालकर मिलाएं। अब इसमें हरा धनिया, हरी मिर्च, बेसन, चावल का आटा और जीरा पाउडर मिला दें। कड़ाही में तेल गर्म करके पकौड़े तलें और हरी चटनी के साथ खाएं।

#4

मिसल पाव

मिसल पाव महाराष्ट्र का एक मसालेदार पकवान है, जो दुनिया के सर्वश्रेष्ठ नाश्तों की सूची में शुमार है। इसे तैयार करने के लिए अंकुरित चने, प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और मसालों की जरूरत होगी। अंकुरित चने को मसालों के साथ पकाएं, फिर उसमें प्याज, टमाटर और हरी मिर्च मिलाएं। अब इसे सेव और सिके हुए पाव के साथ परोसें। आप चाहें तो इसे नारियल की चटनी और नींबू के रस के साथ भी खा सकते हैं।

#5

बॉम्बे सैंडविच

बॉम्बे सैंडविच मुंबई में ही नहीं, बल्कि देशभर में पसंद किया जाता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले ब्रेड के किनारों को काट लें और उसपर मक्खन लगा दें। अब इसपर धनिया-पुदीना वाली हरी चटनी लगाएं और प्याज, टमाटर और उबला आलू काटकर रखें। इसपर चाट मसाला छिड़कें, सेव डालें और मक्खन लगाकर दोनों तरफ से सेक लें। परोसने से पहले सैंडविच के ऊपर भी सेव छिड़कना न भूलें।