Page Loader
ओडिशा तट पर अगले हफ्ते मंडरा रहा चक्रवात का खतरा, मौसम विभाग ने सावधान किया
ओडिशा तट पर अगले हफ्ते चक्रवात का खतरा

ओडिशा तट पर अगले हफ्ते मंडरा रहा चक्रवात का खतरा, मौसम विभाग ने सावधान किया

लेखन गजेंद्र
Oct 18, 2024
10:36 am

क्या है खबर?

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले सप्ताह उत्तरी हिंद महासागर में चक्रवात की संभावना बन रही है, जिससे लोगों को सावधान रहना चाहिए। मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में विशेष रूप से 23 और 24 अक्टूबर के आसपास चक्रवाती गतिविधि में वृद्धि हो सकती है। 20 अक्टूबर के आसपास उत्तरी अंडमान सागर के पास एक चक्रवात बन सकता है, जो ओडिशा के पास पहुंचने पर और तेज हो सकता है।

चक्रवात

समुद्र तट के पास न जाने की सलाह

मौसम विभाग का कहना है कि अरब सागर में भी चक्रवातों के लिए अनुकूल परिस्थितियां हो सकती हैं, लेकिन विशेषज्ञों का सुझाव है कि अरब सागर में पूरी तरह चक्रवाती घटना की संभावना बहुत कम है। पूर्वानुमानों को देखते हुए IMD ने बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में समुद्र में संभावित उथल-पुथल के कारण मछली पकड़ने और नौसैनिक परिचालन जैसी गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग अभी स्थिति पर नजर रख रहा है।

यात्रा

अंडमान और निकोबार की यात्रा पर जाने वालों को सलाह

चक्रवात की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह की यात्रा पर जाने वाले लोगों को भी सचेत किया है। विभाग ने इस द्वीप पर पर्यटन गतिविधियों को विनियमित करने की सिफारिश की है और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने को कहा है। विभाग ने सलाह दी है कि स्थानीय लोग किसी भी प्रकार की संभावित आपातकालीन स्थिति के लिए तैयार रहें। यहां पिछले दिनों में बारिश भी हुई है।