LOADING...
कंबोडिया-थाईलैंड संघर्ष: भारत की अपने नागरिकों को 7 प्रांतों की यात्रा से बचने की सलाह
भारतीय दूतावास ने थाईलैंड के 7 प्रांतों की यात्रा से बचने की सलाह दी (प्रतीकात्मक तस्वीर: एक्स/@thematrixloop)

कंबोडिया-थाईलैंड संघर्ष: भारत की अपने नागरिकों को 7 प्रांतों की यात्रा से बचने की सलाह

लेखन गजेंद्र
Jul 25, 2025
01:39 pm

क्या है खबर?

कंबोडिया और थाई सेना के बीच सीमा विवाद को लेकर शुरू हुए सशस्त्र संघर्ष के बाद भारत ने थाईलैंड की यात्रा करने वालों को सावधान किया है। थाईलैंड में भारतीय दूतावास ने बयान में कहा कि थाईलैंड-कंबोडिया सीमा के पास हालात को देखते हुए थाईलैंड जाने वाले भारतीय यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे थाईलैंड पर्यटन प्राधिकरण (TAT) न्यूजरूम सहित थाई आधिकारिक स्रोतों से अपडेट लेते रहें। TAT ने 7 प्रांतों की यात्रा से बचने को कहा है।

सलाह

इन प्रांतों की यात्रा न करें भारतीय

भारतीय दूतावास ने TAT की ओर से साझा किए गए 7 प्रांतों के नामों को साझा किया है, जहां यात्रा से मना किया गया है। TAT ने उबोन रत्चथानी, सुरिन, सिसाकेट, बुरीराम, सा काओ, चन्थाबुरी और ट्रैट में 20 से अधिक स्थानों की यात्रा न करने की सलाह दी है। इन प्रांतों में प्राचीन हिंदू मंदिरों समेत कई दर्शनीय स्थल हैं। सुरिन समेत अन्य प्रांतों में स्थित प्राचीन मंदिर दोनों देशों के बीच हो रहे विवाद का प्रमुख कारण है।

संघर्ष

अब तक 14 लोगों की हो चुकी है मौत

कंबोडिया और थाईलैंड की सेना के बीच हो रहे संघर्ष में अब तक 14 लोग मारे जा चुके हैं, जबकि 1 लाख से अधिक लोगों को अपना घर छोड़कर आश्रय स्थल में जाना पड़ा है। थाईलैंड की सेना ने कंबोडिया पर रॉकेट लॉन्चर और मिसाइल से हमले किए हैं, जिसका कंबोडिया जवाब दे रहा है। कार्यवाहक थाई प्रधानमंत्री फुमथम वेचायाचाई ने का कहना है कि स्थिति और बिगड़ गई है, जो युद्ध की स्थिति में बदल सकती है।

ट्विटर पोस्ट

इन जगहों की यात्रा से बचें

जानकारी

हर साल इतने भारतीय पर्यटक जाते हैं थाईलैंड

थाईलैंड भारतीय पर्यटकों के लिए काफी अच्छा पर्यटन स्थल है। 2024 में 21 लाख भारतीय पर्यटक यहां पहुंचे थे, जो 2023 की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत अधिक है। 2023 में 16.28 लाख लोग गए थे। भारतीय यहां के फुकेत, बैंकाक अधिक जाते हैं।