इजरायल-हमास युद्ध: गाजा पट्टी में फंसी भारतीय महिला और उसकी बेटी को सुरक्षित निकाला गया
क्या है खबर?
इजरायल-हमास युद्ध के बीच गाजा पट्टी में फंसी भारतीय महिला को सुरक्षित निकाल लिया गया है। महिला ने सुरक्षित निकाले जाने का अनुरोध किया था।
महिला के पति नेदाल टोमन ने समाचार एजेंसी PTI को बताया कि उनकी पत्नी लुबना नजीर शाबू को भारतीय दूतावास की सहायता से गाजा से निकाला गया।
लुबना और उनकी बेटी करीमा ने सोमवार शाम को मिस्र और गाजा के बीच स्थित राफा सीमा पार की।
टोमन ने बताया कि लुबना मिस्र पहुंच गई हैं।
सुरक्षा
लुबना ने 10 अक्टूबर को मांगी थी मदद
कश्मीर की निवासी लुबना ने 10 अक्टूबर को PTI को फोन कर निकासी के लिए मदद मांगी थी। उन्होंने बताया था कि वह भयंकर युद्ध का सामना कर रही हैं और लगातार बमबारी हो रही है।
उनके अनुसार, 9 अक्टूबर को बिजली-पानी की आपूर्ति बंद कर दी गई थी। उन्होंने पुष्टि की थी कि उनका नाम उन लोगों की सूची में शामिल है, जो गाजा छोड़ सकते हैं।
उन्होंने रामल्लाह, तेल अवीव और काहिरा में भारतीय दूतावासों को धन्यवाद कहा।
युद्ध
युद्ध में 13,000 से अधिक लोगों की हुई मौत
इजरायल-हमास युद्ध में हमास शासित गाजा में 11,180 से अधिक फिलीस्तीनी नागरिकों की मौत हो गई है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, मारे गए लोगों में करीब 40 फीसदी बच्चे हैं।
दूसरी ओर इजरायल में लगभग 1,500 लोग मारे गए हैं। इनमें से ज्यादातर 7 अक्टूबर को किए गए हमास के हमले में मारे गए।
गाजा में जमीनी हमले की शुरुआत के बाद से इजरायल के 41 सैनिक भी मारे गए हैं।