कोरोना संक्रमण की रफ्तार ने तोड़े सभी रिकॉर्ड, देश में आठ दिन में 10 लाख मामले
क्या है खबर?
देश में कोरोना वायरस के संक्रमण की दूसरी लहर ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और मामलों में वृद्धि थमने का नाम नहीं ले रही है। पिछले आठ दिन में देश में 10 लाख से अधिक नए मामले सामने आ चुके हैं जो एक रिकॉर्ड है।
स्थिति यह है कि आशंका जताई जा रही है कि भारत जल्द ही एक दिन में सबसे अधिक नए मामलों के अमेरिका के रिकॉर्ड को तोड़ सकता है।
रिकॉर्ड
पिछले सात दिन से रोजाना आ रहे एक लाख से अधिक मामले
पहली बार 5 अप्रैल को एक लाख से अधिक नए मामले दर्ज करने वाले भारत में पिछले एक हफ्ते से रोजाना एक लाख से अधिक मामले सामने आ रहे हैं, वहीं पिछले आठ दिनों में कुल मिलाकर 10,03,404 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है।
यह सबसे कम दिनों में 10 लाख मामले आने का रिकॉर्ड है और इससे पहले पहली लहर के दौरान 4 सितंबर से 15 सितंबर के बीच 11 दिनों में 10 लाख मामले मिले थे।
दैनिक मामले
क्या अमेरिका के रिकॉर्ड को तोड़ देगा भारत?
देश में अभी रोजना नए मामलों में पांच से 10 प्रतिशत उछाल देखने को मिल रहा है और विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यही स्थिति रही तो अगले हफ्ते तक दैनिक मामलों की संख्या दो लाख के आंकड़े को पार कर सकती है।
एक सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या भारत एक दिन में सबसे अधिक नए मामले के अमेरिका के रिकॉर्ड को तोड़ देगा। अमेरिका में 16 दिसंबर, 2020 को 2.48 लाख मामले सामने आए थे।
तुलना
ब्राजील को पछाड़ दूसरा सबसे अधिक प्रभावित देश बन गया है भारत
भारत ने बीते एक हफ्ते में ही कुल संक्रमितों के मामलों में ब्राजील को पीछे छोड़ा है और वह फिर से दूसरा सबसे अधिक प्रभावित देश बन गया है।
यहां अब तक 1,36,89,453 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,71,058 लोगों की मौत हुई है। इसके मुकाबले ब्राजील में 1.35 करोड़ संक्रमितों में से 3.54 लाख मरीजों की मौत हुई है।
अमेरिका में रिकॉर्ड 3.12 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 5.62 लाख की मौत हुई है।
महाराष्ट्र
महाराष्ट्र की स्थिति सबसे अधिक खराब
राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र की स्थिति सबसे अधिक खराब है। राज्य में रविवार को 63,294 नए मामले सामने आए जो अब तक एक दिन में सामने आए सबसे अधिक नए मामले हैं।
राज्य में अभी 5.66 लाख सक्रिय मामले हैं और बढ़ते मामलों के कारण मुंबई समेत राज्य के कई शहरों में इंतजामों की कमी पड़ने लगी है। राज्य सरकार लॉकडाउन लगाने पर विचार कर रही है।
राज्यों की स्थिति
ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य
कुल मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में अब तक 34,07,245 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 57,987 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 11,67,090 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 4,783 मौतें हुई हैं।
इसी तरह 10,65,290 मामलों और 12,889 मौतों के साथ कर्नाटक और 9,25,401 मामलों और 7,300 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।