कोरोना वायरस: पांचवां सबसे अधिक प्रभावित देश बना भारत, पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 9,971 मामले
भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस से संक्रमण के 9,971 मामले सामने आए और 287 लोगों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। देश में कुल संक्रमितों की संख्या 2,46,628 हो गई है और 6,929 लोगों को कोरोना वायरस की वजह से अपनी जान गंवानी पड़ी है। ये अब तक एक दिन में सामने आए सबसे अधिक मामले हैं। इसी के साथ भारत स्पेन को पीछे छोड़ दुनिया में पांचवां सबसे अधिक प्रभावित देश बन गया है।
पिछले 24 घंटे में ठीक हुए 5,220 मरीज
अगर ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 5,220 मरीज ठीक हुए और अब तक कुल 1,19,293 मरीज ठीक हो चुके हैं। ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कुल मामलों की 48.36 प्रतिशत है।
कुछ ऐसी है राज्यों की स्थिति
महाराष्ट्र सबसे अधिक प्रभावित राज्य बना हुआ है और यहां अब तक 82,968 लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया जा चुका है। राज्य में 2,969 लोगों ने वायरस की वजह से दम तोड़ा है। तमिलनाडु दूसरा सबसे अधिक प्रभावित राज्य है। यहां अब तक 30,152 नए मामले सामने आ चुके हैं और 251 मरीजों की मौत हुई है। दिल्ली में 761 मौत समेत 27,654 मामले और गुजरात में 1,219 मौत समेत 19,592 मामले सामने आए हैं।
अब संक्रमण के मामले में बस पांच देश भारत से आगे
पूरी दुनिया में भारत की स्थिति की बात करें तो कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या के मामले में भारत स्पेन को पीछे छोड़ पांचवां सबसे अधिक प्रभावित देश बन गया है। अमेरिका सबसे अधिक प्रभावित देश है और यहां अब तक 19.20 लाख लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है ब्राजील (6.72 लाख), रूस (4.58 लाख) और यूनाइटेड किंगडम (2.86 लाख) अन्य वो तीन देश हैं जो भारत से आगे हैं। मौतों के मामले में भारत का स्थान 12वां है।
लगभग आधी मौतें पिछले 15 दिनों में हुईं
कोरोना से हुई मौतों के आंकड़ों पर गौर फरमाएं तो कुल मौतों में से लगभग आधी मौतें (3,059) पिछले 15 दिन में हुईं। इनमें से 80 प्रतिशत मौतों के लिए 26 हॉटस्पॉट जिले जिम्मेदार हैं। मुंबई, दिल्ली, अहमदाबाद, ठाणे, पुणे और चेन्नई ऐसे जिले रहे जहां पिछले 15 दिनों में 100 से अधिक लोगों की मौत हुई। इन जगहों पर पिछले 15 दिनों में 1,964 लोगों की मौत हुई, जो इनकी कुल मौतों (4,055) के लगभग आधे के बराबर है।
प्रभावित जिलों की संख्या बढ़ी
इस बीच कम से कम एक मौत वाले जिलों की संख्या 230 से बढ़कर 321 हो गई है। 22 मई तक 200 जिलों में एक से 10 के बीच मौतें हुई थीं। अब ये संख्या बढ़कर 275 जिले हो चुकी है। इसी तरह 11-50 मौतों वाले जिलों की संख्या 20 से बढ़कर 29, 50-100 मौतों वाले जिलों की संख्या पांच से बढ़कर सात और 100 से अधिक मौतों वाले जिलों की संख्या छह से बढ़कर 10 हो चुकी है।
अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंची ट्रांसमिशन रेट
देश में कोरोना वायरस (COVID-19) के बढ़ते मामलों के बीच एक राहत देने वाली खबर आई है। कोरोना वायरस महामारी की शुरुआत होने के बाद पहली बार देश में ट्रांसमिशन रेट अब तक के सबसे कम स्तर पर पहुंच गई है। IMSc के अनुसार, देश में वायरस की ट्रांसमिशन रेट घटकर 1.22 हो गई है। यानी अब कोरोना वायरस के 100 मरीज अपने संपर्क में आने वाले सिर्फ 122 अन्य लोगों को संक्रमित कर रहे है।