दिवंगत मुलायम सिंह यादव पर बन चुकी है बायोपिक, जानिए फिल्म से जुड़ी बातें
क्या है खबर?
आज (10 अक्टूबर) उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया। सुबह करीब 8:15 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
वह काफी समय से बीमार चल रहे थे।
मुलायम की जिंदगी पर बायोपिक बन चुकी है। उनकी बायोपिक फिल्म का शीर्षक 'मैं मुलायम सिंह यादव' है। यह फिल्म पिछले साल दर्शकों के बीच आई थी।
आइए जानते हैं इस बायोपिक से जुड़ी दिलचस्प बातें।
मुख्य किरदार
मुलायम के किरदार में दिखे थे अभिनेता अमित सेठी
निर्देशक सुवेंदु घोष ने मुलायम की व्यक्तिगत और राजनीतिक यात्रा पर उनकी बायोपिक फिल्म बनाई है।
राशिद इकबाल ने इसकी कहानी लिखी है और इसका निर्माण मीना सेठी मंडल ने किया था।
फिल्म 29 जनवरी, 2021 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसे 2020 में सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना था, लेकिन कोरोना महामारी के कारण फिल्म की रिलीज में देरी हुई।
इस फिल्म में अभिनेता अमित सेठी नेताजी मुलायम की भूमिका में दिखे थे।
कहानी
ऐसी है बायोपिक की कहानी
फिल्म में मुलायम की शुरुआती जिंदगी की झलक दिखी है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे उनके पिता उन्हें पहलवान बनाना चाहते थे।
कुश्ती प्रतियोगिता के दौरान उनकी मुलाकात स्थानीय नेता चौधरी नत्थूसिंह से हुई और फिर मुलायम के लिए राजनीति का दरवाजा खुल गया।
इसमें मुलायम के मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचने तक के सफर को बयां किया गया है। राम मनोहर लोहिया और चौधरी चरण सिंह जैसे दिग्गज नेताओं के साथ उनके संबंधों को भी दर्शाया गया है।
कलाकार
इन किरदारों में नजर आए ये कलाकार
फिल्म में अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती के बेटे मिमोह चक्रवर्ती ने मुलायम के संघर्ष के साथी और भाई शिवपाल सिंह यादव का किरदार निभाया है।
इसमें अभिनेत्री प्रेरणा सिंह मुलायम की पत्नी बनी हैं।
प्रकाश बेलावाड़ी ने राम मनोहर लोहिया का किरदार अदा किया है, वहीं गोविंद नामदेव चौधरी ने चरण सिंह की भूमिका निभाई है।
जरीना वहाब और अनुपम श्याम ने मुलायम के माता-पिता का किरदार पर्दे पर उकेरा।
जानकारी
मुलायम की दूसरी पत्नी साधना का नहीं है फिल्म में जिक्र
बायोपिक में मुलायम की पहली पत्नी मालती देवी के योगदान की कहानी बताई गई है। हालांकि, फिल्म में दूसरी पत्नी साधना सिंह का जिक्र नहीं किया गया है। इसकी कहानी नेताजी की व्यक्तिगत जिंदगी से अधिक राजनीतिक जिंदगी पर केंद्रित है।
करियर
तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे मुलायम
मुलायम तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे थे। उन्होंने 1989 से 1991, 1993 से 1995 और 2003 से 2007 तक राज्य के मुख्यमंत्री की कमान संभाली थी।
उन्होंने 1996 में केंद्रीय राजनीति में कदम रखा था।
वह लोकसभा चुनाव में जीत हासिल कर एचडी देवगौड़ा के नेतृत्व में बनी संयुक्त मोर्चा सरकार में रक्षा मंत्री बने थे।
उसके बाद 1998, 1999, 2004, 2007, 2009, 2014 में भी लोकसभा पहुंचे थे।