Page Loader
उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा: 10वीं के छात्र ऐसे करें गणित की तैयारी, मिल सकेंगे पूरे अंक
गणित पढ़ने के टिप्स (तस्वीरः पिक्सल)

उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा: 10वीं के छात्र ऐसे करें गणित की तैयारी, मिल सकेंगे पूरे अंक

लेखन राशि
Feb 16, 2023
07:33 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं शुरु हो गई हैं। 21 फरवरी को 10वीं की गणित विषय की परीक्षा है। गणित ऐसा विषय है जो अधिकांश छात्रों को कठिन लगता है। छात्र गणित के फॉर्मूले और मेथड को समझ नहीं पाते हैं। इससे उन्हें हल करने में परेशानी आती है। आज हम आपको गणित परीक्षा की तैयारी के लिए टिप्स बता रहे हैं, जिनकी मदद से आप बोर्ड परीक्षा में पूरे अंक प्राप्त कर सकते हैं।

सिलेबस

सिलेबस को समझें और पुराने पेपर देखें

गणित पढ़ने से पहले पूरा सिलेबस देखें। कौन-सी यूनिट से कितने अंक के सवाल पूछे जाएंगे इसे नोट कर लें। गणित का पूरा सिलबेस फॉर्मूले और मेथड पर टिका होता है। ऐसे में गणित पढ़ते समय पुराने पेपर को देखें और उन्हें हल करें। ऐसा करने से रिवीजन के साथ प्रैक्टिस भी हो जाएगी। पुराने पेपर को हल करने से ये भी पता चल सकेगा कि किस तरह के सवाल बार-बार पूछे जा रहे हैं।

नोट्स

फॉर्मूला, मेथड के लिए अलग से नोट्स बनाएं

अधिकांश छात्रों की परेशानी होती है कि उन्हें गणित के फॉर्मूले याद नहीं होते। ऐसे में आप फॉर्मूले और मेथड के लिए अलग से नोट्स बनाएं। एक कॉपी में सारे महत्वपूर्ण फॉर्मूले और मेथड लिख लें और इन्हें बार-बार पढ़ते रहें। परीक्षा में इन्हीं फॉर्मूले से संबंधित सवाल पूछे जाते हैं केवल अंक बदल दिए जाते हैं। इसलिए फॉर्मूले और मेथड को अच्छी तरह समझ लें। इनकी मदद से आप कठिन से कठिन सवाल भी आसानी से हल कर पाएंगे।

रिवीजन

टॉपिक के अनुसार करें रिवीजन

गणित की पढ़ाई कम समय में करने के लिए सिलेबस को टॉपिक में बांट लें। कठिन और सरल सवालों की लिस्ट बनाएं। जैसे त्रिकोणमिति टॉपिक अधिकांश छात्रों को कठिन लगता है तो इससे संबंधित सवाल लिख लें और सबसे पहले उन्हें हल करना सीखें। इसके बाद सरल सवालों की ओर जाएं। सरल सवालों का रिवीजन करने में ज्यादा समय न दें। कठिन सवालों को कम से कम समय में हल करने की कोशिश करें।

सवाल

सवालों को स्टेप बाई स्टेप हल करें

गणित का रिवीजन करते समय हर सवाल को स्टेप बाई स्टेप हल करें। इससे आपको एक-एक चीज़ अच्छे से समय आ सकेगी। गणित पर पकड़ मजबूत करने के लिए सवाल हल करने के दौरान ग्राफ और डेटा का प्रयोग करें। बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिका में भी इसी तरह लिखें। एक साथ सभी चीज़ें लिखने से परीक्षक भ्रमित हो सकते हैं। इससे कॉपी साफ सुधरी दिखेगी। समय की बर्बादी भी नहीं होगी और नंबर भी अच्छे मिलेंगे।

ओवर राइटिंग

ओवर राइटिंग न करें

गणित में मात्राओं और वाक्यों के अंक नहीं काटे जाते, केवल प्रश्नों को सही तरीके से हल करना आना चाहिए। उत्तर पुस्तिका में ओवर राइटिंग से बचे। साफ शब्दों में सटीक उत्तर देने से अच्छे अंक मिलेंगे। ओवर राइटिंग होने से परीक्षक को कॉपी चेक करने में ज्यादा वक्त लग जाता है, ऐसे में वह आपके अंक काट सकते हैं। ऐसे में कोई गलती होने पर बार-बार पेन चलाकर कॉपी को गंदा न करें।