अब UPSC के जरिए होगी IRMS पदों पर भर्ती, अगले साल से होगी शुरुआत
क्या है खबर?
भारतीय रेलवे प्रबंधन सेवा (IRMS) के पदों पर भर्ती अब संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा की जाएगी। इसके लिए विशेष रूप से तैयार की गई परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
इसकी शुरूआत साल 2023 से कर दी जाएगी। रेलवे मंत्रालय द्वारा इसकी आधिकारिक पुष्टि भी कर दी गई है।
IRMS भर्ती के लिए उम्मीदवारों को विशेष रुप से डिज़ाइन की गई परीक्षा प्रक्रिया से गुजरना होगा।
आइये इसके बारे में और विस्तार से जानते हैं।
रूपरेखा
कैसी होगी नई भर्ती प्रक्रिया की रूपरेखा?
भारतीय रेलवे द्वारा जारी सूचना के मुताबिक, इस भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत नए साल से होगी। इसमें उम्मीदवारों को दो चरणों की चयन प्रक्रिया से होकर गुजरना होगा।
पहले चरण में प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसमें सफल होने वाले उम्मीदवार को मुख्य परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा।
इसकी मुख्य परीक्षा में क्वालीफाइंग पेपर, वैकल्पिक पेपर और पर्सनलिटी टेस्ट जैसे कई भाग होंगे। इनमें प्रदर्शन के आधार पर ही उम्मीदवारों की अंतिम सूची तैयार की जाएगी।
अंक
कितने अंकों की होगी कौनसी परीक्षा?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, क्वालीफाइंग पेपर मूलरूप से दो भागों में बंटा होगा। पेपर-I उम्मीदवार द्वारा चुनी कई किसी एक भारतीय भाषा को होगा और पेपर-II अंग्रेजी भाषा का होगा। दोनों पेपर कुल 300 अंकों के होंगे।
इसके बाद वैकल्पिक विषय वाले भाग में सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग और कॉमर्स एंड अकाउंटेंसी में से किन्हीं दो विषयों का चयन करना होगा।
प्रत्येक विषय 250 अंकों का होगा। इसके बाद को 100 अंकों का पर्सनालिटी टेस्ट होगा।
आयोजन
कब होगा परीक्षा का आयोजन?
मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार सिविल सेवा (CSE) और IRMS दोनों की प्रारंभिक और मुख्य लिखित परीक्षा एक साथ आयोजित की जाएंगी।
UPSC के वार्षिक परीक्षा कार्यक्रम 2023 के मुताबिक, सिविल सर्विसेज की प्रारंभिक परीक्षा का नोटिफिकेशन 1 फरवरी को जारी कर दिया जाएगा। उसके बाद परीक्षा 28 मई को आयोजित की जाएगी।
गौरतलब है कि उम्मीदवार CSE मुख्य परीक्षा और IRMSE मुख्य परीक्षा के लिए समान या अलग-अलग विषयों का चयन भी कर सकते हैं।
अन्य सूचना
आयु सीमा, योग्यता और अन्य विवरण
बता दें कि सभी विषयों के प्रश्नों का स्तर और वैकल्पिक विषयों का पाठ्यक्रम सिविल सेवा परीक्षा (CSE) के समान ही रहेगा।
इसके अलावा विभिन्न श्रेणियों के लिए आयु सीमा और परीक्षा में बैठने के अवसरों की संख्या में भी कोई बदलाव नहीं किया है। श्रेणीवार लागू प्रयासों की संख्या CSE के समान ही होगी।
वहीं IRMS 2023 की योग्यता की बात करें तो IRMSE के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंजीनियरिंग, वाणिज्य और चार्टर्ड एकाउंटेंट डिग्री आवश्यक बनाई गई है।