Page Loader
इन किताबों से करें UPSC परीक्षा की तैयारी, सफलता की राह होगी आसान
UPSC की सिविल सेवा परीक्षा में किताबों का अहम योगदान है

इन किताबों से करें UPSC परीक्षा की तैयारी, सफलता की राह होगी आसान

लेखन तौसीफ
Sep 30, 2022
01:25 am

क्या है खबर?

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) हर साल सिविल सेवा परीक्षा आयोजित करता है जिसे पास करना कठिन होता है। इस परीक्षा को पास करने के लिए अकेले मेहनत से काम नहीं चलता है क्योंकि इसके लिए प्लानिंग की भी जरूरत पड़ती है जिसमें किताबों का अहम योगदान है। अगर आप भी इस परीक्षा की तैयारी करने की सोच रहे हैं तो हम आपको बताएंगे कि आपको इस परीक्षा के लिए कौन-सी किताबें जरूर पढ़नी चाहिए।

NCERT

NCERT की किताबों से करें दोस्ती

UPSC की तैयारी के लिए यह जरूरी है कि सिलेबस में जिन-जिन विषयों को शामिल किया गया है उसमें बेसिक समझ अच्छी हो। इसके लिए पहले कक्षा 6 से 12 तक की राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT) की सभी किताबें पढ़ें। अगर आपके पास ज्यादा समय न हो तो कक्षा 9 से 12 तक की किताबें जरूर पढ़ लें. इस तरह आप अपना बेसिक मजबूत कर सकते हैं इसके बाद आप सिलेबस के अनुसार बाकी किताबों को पढ़ें।

इंडियन पॉलिटी

एम लक्ष्मीकांत की इंडियन पॉलिटी

देखा जाए तो UPSC की तैयारी के लिए बाज़ार में हर विषय की सैकड़ों की संख्या में किताबें पढ़ने के लिए मिल जाएंगी। अगर बात इंडियन पॉलिटी यानी भारतीय राजव्यवस्था की बात की जाए तो इससे संबंधित कई लेखकों की बेहतरीन किताबें उपलब्ध हैं लेकिन एम लक्ष्मीकांत द्वारा लिखी गई इस किताब को टॉपर बाइबल की संज्ञा देते हैं क्योंकि यह किताब सिविल सर्विस के सभी विषयों को कवर करते हुए उम्मीदवार को एक बेहतर गाइडेंस देती है।

इंडियन आर्ट एंड कल्चर

नितिन सिंघानिया की इंडियन आर्ट एंड कल्चर

नितिन सिंघानिया की इस किताब में देश में आर्थिक विकास और विकास में उतार-चढ़ाव की व्यवस्था को समझाया गया है। सिंघानिया ने आर्ट एंड कल्चर के सभी विषयों को परीक्षा के लिहाज से एक्सप्लेन किया है। एक बेहतर और ज्यादा व्यापक समझ के लिए इसमें अलग-अलग फ्लोचार्ट, टेबल, ग्राफ और उदाहरण शामिल किए गए हैं। अगर आप सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के शुरुआती दौर में हैं तो NCERT की किताबों के बाद नितिन सिंघानिया की किताब जरूर पढ़नी चाहिए।

भारत का भूगोल

माजिद हुसैन की भारत का भूगोल

प्रो. माजिद हुसैन को हमेशा भारत के एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद् के रूप में याद किया जाता है। सिविल सेवा की मुख्य परीक्षा में भूगोल की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए यह सर्वश्रेष्ठ पुस्तकों में से एक है। उनकी यह किताब भारत के भौगोलिक पोजीशन के बारे में डाटा प्रदान करती है। इस किताब के नौवें एडिशन में उम्मीदवार जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के स्टेटस से संबंधित अपडेट भी पढ़ सकते हैं। लेखक माजिद हुसैन पेशे से एक शिक्षक हैं।

अंतर्राष्ट्रीय संबंध

पुष्पेश पंत की अंतर्राष्ट्रीय संबंध

संप्रभु राज्यों के बनने से लेकर आज के समय तक के वैश्विक मुद्दों तक, इस किताब में सभी प्रमुख घटनाओं को शामिल किया गया है। हर तरह की प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठने वाले सभी छात्रों की यह पहली पसंद है। इसके लेखक पुष्पेश पंत, पद्मश्री से सम्मानित हैं। वह एक शिक्षाविद् और इतिहासकार हैं और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से अंतर्राष्ट्रीय अध्ययन में प्रोफेसर के रूप में सेवानिवृत्त हुए हैं।

पर्यावरण

डॉ रवि अग्रहारी की एनवायरमेंटल इकोलॉजी बायोडाइवर्सिटी क्लाइमेट चेंज एंड डिजास्टर मैनेजमेंट

डॉ रवि अग्रहारी की इस किताब में आपको पर्यावरण से जुड़े सभी प्रमुख मुद्दों के बारे में जानकारी या फिर उनका समाधान आपको इस एक किताब में मिल जाएगा। सिविल सेवा परीक्षा के लिए महत्वपूर्ण माने जाने वाले विषय आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी सवालों के जवाब दिए गए हैं। इस किताब को मैकग्रा हिल ने प्रकाशित किया है जिसके जरिए पर्यावरण जैसे जटिल विषय को आसानी से समझा जा सकता है।