Page Loader
JEE मेन के तुरंत बाद कैसे शुरू करें JEE एडवांस्ड की तैयारी? अपनाएं ये टिप्स
JEE एडवांस्ड की तैयारी के लिए अपनाएं ये टिप्स (तस्वीरः फ्रीपिक)

JEE मेन के तुरंत बाद कैसे शुरू करें JEE एडवांस्ड की तैयारी? अपनाएं ये टिप्स

लेखन राशि
Jan 30, 2024
06:27 pm

क्या है खबर?

संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JEE मेन) के पहले सत्र की परीक्षाएं 1 फरवरी को खत्म हो जाएंगी। इस परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले उम्मीदवार JEE एडवंस्ड में भाग लेंगे। इसे पास करने के बाद ही उन्हें देश के शीर्ष भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (IIT) में दाखिला मिल सकेगा। अधिकांश उम्मीदवार JEE मेन की परीक्षा देने के तुरंत बाद ही JEE एडवांस्ड की तैयारी शुरू कर देते हैं। आइए तैयारी के लिए उपयोगी रणनीति जानते हैं।

#1

JEE मेन में प्रदर्शन का मूल्यांकन करें

JEE एडवांस्ड की तैयारी शुरू करने से पहले JEE मेन में आपने कैसा प्रदर्शन किया है, इसका मूल्यांकन करें। पता लगाएं कि आप किस क्षेत्र में मजबूत हैं और आपको कहां सुधार की आवश्यकता है। अपने जिन विषयों के सवालों में गलतियां की हैं, उनकी एक सूची बना लें। इस तरह आप अपनी ताकत बनाए रखते हुए कमजोर क्षेत्रों को मजबूत करने पर काम कर सकेंगे। उम्मीदवार समय सीमा को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन पढ़ाई का लक्ष्य निर्धारित करें।

#2

अवधारणाओं को गहराई से समझें

JEE एडवांस्ड में सफलता के लिए अवधारणाओं की गहरी समझ होना आवश्यक है। ऐसे में अधिक उन्नत स्पष्टीकरण और समस्या समाधान विधियों के लिए संदर्भ पुस्तकों और ऑनलाइन संसाधनों की मदद लें। बुनियादी बातों पर पकड़ मजबूत करने के लिए NCERT किताबों का इस्तेमाल करें। महत्वपूर्ण तथ्यों के हस्तलिखित नोट्स बनाने पर जोर दें। इसके अलावा कठिन तथ्यों के फ्लैशकार्ड और माइंडमैप बनाकर अपनी स्टडी टेबल के पास चिपकाएं। इससे रिवीजन करने में आसानी होगी।

#3

हर विषय के लिए अलग रणनीति बनाएं

परीक्षा में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और गणित से सवाल पूछे जाते हैं। ऐसे में हर विषय के लिए अलग रणनीति बनाएं। आप प्रत्येक विषय का पाठ्यक्रम कितने समय में पूरा करेंगे, इसकी योजना बनाएं। अपने समय को बेहतर तरीके से प्रबंधित करें। पूरे दिन केवल एक ही विषय को न पढ़ें बल्कि सभी विषयों के लिए अलग-अलग अध्ययन सत्र रखें। प्रत्येक विषय के अध्ययन, अभ्यास और रिवीजन के लिए उचित समय दें।

#4

समस्या समाधान कौशल विकसित करें

उम्मीदवार ध्यान रखें कि अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। ऐसे में पिछले साल के पेपर, मॉक टेस्ट और संदर्भ पुस्तकों में दिए गए अभ्यास प्रश्नों को हल करें। प्रत्येक विषय के सरल और चुनौतीपूर्ण सवालों को हल करें। प्रत्येक समाधान के पीछे के तर्क को समझने पर जोर दें। नियमित रूप से मॉक टेस्ट हल कर वास्तविक परीक्षा के लिए तैयार हों। अपने सुधार के क्षेत्रों को खोजें और प्रभावी समय प्रबंधन के लिए अपने प्रदर्शन का विश्लेषण करें।

जानकारी

रिवीजन करें

उम्मीदवार जल्द से जल्द पाठ्यक्रम पूरा करने की कोशिश करें ताकि परीक्षा से पहले आप कम से कम 3 बार सभी महत्वपूर्ण भागों का रिवीजन कर पाएं। इसके अलावा दैनिक, साप्ताहिक और मासिक रिवीजन कार्यक्रम बनाएं। महत्वपूर्ण तथ्यों का लिख-लिख कर रिवीजन करें।