Page Loader
व्हाट्सऐप प्रमुख समेत दो शीर्ष अधिकारियों ने छोड़ी फेसबुक, अब ये संभालेंगे कमान

व्हाट्सऐप प्रमुख समेत दो शीर्ष अधिकारियों ने छोड़ी फेसबुक, अब ये संभालेंगे कमान

Mar 15, 2019
05:15 pm

क्या है खबर?

फेसबुक के संस्थापक मार्क जकरबर्ग ने दो शीर्ष अधिकारियों की विदाई की घोषणा की है। छोड़ने वाली अधिकारियों में व्हाट्सऐप प्रमुख क्रिस डेनियल और उत्पाद प्रमुख क्रिस कॉक्स शामिल हैं। कॉक्स ने फेसबुक की शुरुआत होने के एक साल बाद 2005 में कंपनी का दामन थामा था, वहीं डेनियल एक साल पहले ही कंपनी से जुड़े थे। दोनों कंपनी को छोड़कर क्यों जा रहे हैं, इस बारे में स्पष्ट रूप से कुछ नहीं बताया गया है।

फेसबुक

फेसबुक के नहीं चल रहे अच्छे दिन

जकरबर्ग ने फेसबुक पोस्ट के जरिए दोनों की विदाई की घोषणा की। यह खबर तब आई है जो जब जकरबर्ग ने हाल ही में फेसबुक को गोपनीयिता केंद्रित बनाने के लिए अपनी योजना पेश की है। इसी हफ्ते फेसबुक और उसके 2 प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप और इंस्टाग्राम की सेवाओं घंटों प्रभावित रही थी और यह उसके इतिहास का सबसे लंबा ब्लैकआउट था। फेसबुक ने इसका कारण सर्वर में हुए कुछ बदलावों को बताया था।

क्रिक कॉक्स

जकरबर्ग के करीब थे कॉक्स

कॉक्स जकरबर्ग के काफी करीबी रहे हैं और उन्होंने सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर कंपनी में शुरुआत की थी। न्यूज फीड समेत कई महत्वपूर्ण फीचर्स को बनाने में उनका अहम योगदान था। इसके अलावा वह मानव संसाधन प्रमुख समेत कई ऊंचे पदों पर भी रहे। उन्होंने फेसबुक के बिजनेस प्लेटफॉर्म को लॉन्च करने में अहम योगदान दिया था। जकरबर्ग ने कहा कि वह पिछले कुछ वर्षों से कुछ और करने की अपनी इच्छा के बारे में कह रहे थे।

व्हाट्सऐप

अब ये संभालेंगे व्हाट्सऐप की कमान

डेनियल ने फेसबुक पर अपनी शुरुआत व्हाट्सऐप प्रमुख के तौर पर ही की थी। इससे पहले 5 साल तक वह दुनियाभर में इंटरनेट कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए इंटरनेट.ओआरजी नामक पहल को चला रहे थे। कंपनी में उनका स्थान विल काथकार्ट लेंगे, जो अभी फेसबुक मोबाइल ऐप के प्रमुख हैं। फेसबुक ऐप प्रमुख के तौर पर उनकी जगह फिदजी सिमो लेंगी। पिछले साल जब काथकार्ट पेरेंटल लीव पर थे, तो लगभग पूरे साल सिमो ने ही उनका काम संभाला था।

खराब दौर

पिछले कुछ सालों में कई बड़े अधिकारियों ने फेसबुक को छोड़ा

पिछले 2 साल के दौरान कई शीर्ष अधिकारियों ने फेसबुक को अलविदा कहा है, जिनमें व्हाट्सऐप और इंस्टाग्राम के सह-संस्थापक भी शामिल हैं। निजता, आपत्तिजनक और फेक साम्रगी को लेकर पिछले कुछ सालों में फेसबुक आलोचकों के निशाने पर रही है। इसके बावजूद फेसबुक का कहना है कि उसके यूजर्स की संख्या लगातार बढ़ रही है और महीने में कम से कम एक बार लॉग इन करने वाले यूजर्स की संख्या 9 प्रतिशत बढ़कर 2.32 अरब हो गई है।