LOADING...
अब 7 अक्टूबर तक जमा करा सकेंगे 2,000 रुपये के नोट, RBI ने बढ़ाया समय 
RBI ने नोट जमा करने की अवधि 7 अक्टूबर तक बढ़ाई

अब 7 अक्टूबर तक जमा करा सकेंगे 2,000 रुपये के नोट, RBI ने बढ़ाया समय 

लेखन नवीन
Sep 30, 2023
05:27 pm

क्या है खबर?

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 2,000 रुपये का नोट जमा करने की समयसीमा को एक सप्ताह के लिए बढ़ा दिया है। पहले यह नोट जमा कराने की आखिरी तारीख 30 सितंबर निर्धारित की गई थी, लेकिन RBI ने अब इसे बढ़ाकर 7 अक्टूबर, 2023 कर दिया है। यानी अब अगर आपके पास 2,000 रुपये का नोट है तो उसे जमा कराने के लिए आपको 7 दिनों का समय और मिल गया है।

बयान

93 प्रतिशत नोट बैंकों में आए वापस

सितंबर की शुरुआत में RBI ने कहा था कि अब तक 2,000 रुपए के 93 प्रतिशत यानी 3,056 अरब रुपए के नोट बैंकों में वापस आ गए हैं। इसके बाद भी करीब 24,000 करोड़ रुपये के नोट सर्कुलेशन में बचे हुए हैं। सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार, एक बार में केवल 20,000 रुपए की राशि को वापस किया जा सकता है। बैंक में नोट बदलने के लिए किसी तरह के दस्तावेज जमा नहीं करने हैं।

नोट

क्यों सरकार ने वापस लिए 2,000 के नोट?

RBI ने अपने बयान में कहा था कि क्लीन नोट नीति के तहत नोटों को वापस लिया गया है। लोगों को दिक्कत न हो, इसलिए 7 अक्टूबर तक नोट बदले जा सकेंगे। बता दें कि 8 नवंबर, 2016 को नोटबंदी के बाद केंद्र सरकार ने 1,000 और 500 रुपये के पुराने नोट बंद करके 2,000 और 500 रुपये के नए नोट जारी किए थे। सरकार ने 2017 में 2,000 रुपये के नोट 97 प्रतिशत छापना बंद कर दिया था।

कितने नोट

RBI ने 2,000 के कितने नोट छापे? 

RBI की रिपोर्ट के अनुसार, साल 2016-17 में 2,000 के कुल 350 करोड़ नोट छापे गए थे। 2017-18 में ये संख्या घटकर सिर्फ 15.10 करोड़ नोट रह गई। 2018-19 में 2,000 के कुल 4.70 करोड़ नोट छापे गए थे। इसके बाद 2019-20, 2020-21 और 2021-22 में एक भी 2,000 के नोट नहीं छापे गए। 2016 से अब तक 2,000 के कुल 370 करोड़ नोट छाप गए हैं। कई करोड़ नोट नष्ट भी किए गए हैं।

प्लस

न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी) 

भारत में वर्तमान में 10, 20, 50, 100, 200 आदि मूल्यवर्ग के बैंकनोट जारी किए जाते हैं। ये बैंकनोट RBI द्वारा जारी किए जाते हैं। 2 रुपये और 5 रुपये के नोटों की छपाई बंद है। हालांकि, पहले जारी किए गए 2 और 5 के बैंकनोट वैध हैं और चलन में हैं। भारत में बैंकनोट छापने के लिए वर्तमान में प्रयोग में लाया जाने वाला कागज 100 प्रतिशत रूई (कॉटन) का उपयोग करके बनाया जाता है।