Page Loader
कतार से बचने के लिए पेट्रोल-डीजल कैसे पा सकते हैं ऑनलाइन डिलीवरी? जानिए तरीका 
कई कंपनियां पेट्रोल-डीजल की ऑनलाइन डिलीवरी करती हैं (तस्वीर: फ्रीपिक)

कतार से बचने के लिए पेट्रोल-डीजल कैसे पा सकते हैं ऑनलाइन डिलीवरी? जानिए तरीका 

Jan 03, 2024
08:22 pm

क्या है खबर?

भारतीय न्याय संहिता 2023 में हिट-एंड-रन पर नए दंडात्मक कानून के ख‍िलाफ देशभर के ट्रक ड्राइवर्स के विरोध-प्रदर्शन से पेट्रोल-डीजल की किल्लत की आशंका पैदा हो गई है। इसी को देखते हुए लोग वाहनों के टैंक फुल कराने के लिए पेट्रोल पंपों पर दौड़ लगा रहे हैं, जिससे वहां कतार लग रही है। इस भीड़-भाड़ से बचने के लिए पेट्रोल-डीजल की ऑनलाइन डिलीवरी एक शानदार विकल्प हो सकता है। आइये जानते हैं किस तरह घर बैठे पेट्रोल-डीजल मंगवा सकते हैं।

सीमित विकल्प 

मैट्रो सिटीज तक ही सीमित है ऑनलाइन डिलीवरी का विकल्प 

कमर्शियल वाहनों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को इंडियन ऑयल और भारत पेट्रोलियम जैसे लाइसेंस प्राप्त विक्रेताओं की ओर से दी जाने वाली डोरस्टेप पेट्रोल-डीजल डिलीवरी का विकल्प मिलता है। लोगों के लिए भारत में फ्यूल डिलीवरी ऐप्स की रेंज बहुत अधिक नहीं है। फ्यूलबडी, हमसफर, पेपफ्यूल्स और रिपोज एनर्जी जैसी स्टार्टअप कंपनियां वर्तमान में पेट्रोल-डीजल की ऑनलाइन डिलीवरी करती हैं। हालांकि, यह सुविधा भी केवल प्रमुख तौर पर दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे शहरों में ही दी जा रही है।

तरीका 

ऐसे कर सकते हैं पेट्राेल-डीजल ऑनलाइन ऑर्डर

घर बैठे पेट्रोल-डीजल मंगवाने के लिए आपको बस अपनी पसंद के प्लेटफाॅर्म की ऐप पर रजिस्ट्रेशन करना है। इसके बाद, अपना स्थान और फ्यूल का प्रकार (पेट्रोल और डीजल) दर्ज करना होगा। कीमत और मात्रा की पुष्टि करने के बाद आपके लिए फ्यूल की घर पर डिलीवरी मिल जाएगी। इन प्लेटफॉर्म की यह सुविधा क्लाउड-आधारित तकनीक के माध्यम से काम करती है। आप पेट्रोलियम कंपनियों से इजाजत लेकर पेट्रोल-डीजल की ऑनलाइन डिलीवरी का कारोबार भी शुरू कर सकते हैं।