दिल्ली में बारिश से बढ़ेगी ठंड, उत्तर भारत के राज्य कोहरे की चादर में ढके
क्या है खबर?
दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार सुबह दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सुबह कोहरे की गहरी धुंध नजर आई और सूर्य नहीं दिखा।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने संभावना जताई कि शुक्रवार को दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक पहुंचेगा।
22 और 23 दिसंबर को राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में भी बारिश की संभावना है।
मौसम
उत्तर प्रदेश और बिहार में कोहरा
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलावा मेरठ और अलीगढ़ में शुक्रवार को घना कोहरा दिखा, जिससे लोग धूप को तरस गए। यहां का न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री के बीच है।
दिल्ली से सटे नोएडा का न्यूनतम तापमान शुक्रवार सुबह 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अगले कुछ दिनों में ठंडी भरी हवाएं चल सकती हैं।
जालंधर में न्यूनतम तापमान शुक्रवार को 2.8 डिग्री दर्ज हुआ। बिहार में अगले 4 दिनों में ठंड कुछ कम होगी, लेकिन कोहरा बढ़ेगा।
बर्फबारी
पहाड़ों का क्या है हाल?
जागरण वेबसाइट के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में ठंड की वजह से पेयजल की पाइपलाइन जम गई है और लाहुल घाटी में लोग पानी के लिए परेशान हैं।
22 से 24 दिसंबर के बीच जम्मू-कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर में हाड़ कंपाने वाली सर्दी का 'चिल्लई कलां' दौर शुरू हो गया है, जो 40 दिन तक रहेगा। इस दौरान घाटी का तापमान शून्य से नीचे पहुंचने की संभावना है।