LOADING...
2,000 रुपये के नोट की वापसी का असर, प्रचलित मुद्रा की वृद्धि में भारी कमी
करेंसी इन सर्कुलेशन (CIC) की वृद्धि 8.2 से कम होकर 3.7 प्रतिशत पर आ गई है

2,000 रुपये के नोट की वापसी का असर, प्रचलित मुद्रा की वृद्धि में भारी कमी

लेखन आबिद खान
Feb 25, 2024
02:10 pm

क्या है खबर?

2,000 रुपये के नोटों को चलन से बाहर करने का असर दिखाई देने लगा है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने कहा कि 9 फरवरी को खत्म हुए हफ्ते में करेंसी इन सर्कुलेशन (CIC) की वृद्धि 3.7 प्रतिशत रही है। ठीक एक साल पहले ये 8.2 प्रतिशत थी। CIC का मतलब प्रचलन में मौजूद नोटों और सिक्कों से है। बता दें कि 19 मई, 2023 को RBI ने 2,000 के बैंक नोटों को प्रचलन से वापस लेने की घोषणा की थी।

राशि

बैंकों में जमा राशि भी बढ़ी 

RBI के अनुसार, बैंकों के पास जमा राशि में जनवरी में 2 अंक में वृद्धि हुई है। इसकी वजह भी 2,000 के नोटों को चलन से बाहर करना है। आरक्षित मुद्रा (RM) की वृद्धि घटकर 5.8 प्रतिशत रह गई, जो एक साल पहले 11.2 प्रतिशत थी। RM में CIC के अलावा RBI के संबद्ध बैंकों और खुद के पास जमा राशि को गिना जाता है। इसमें एक बड़ा हिस्सा CIC का है।

नोट वापसी

2,000 के 97.5 प्रतिशत नोट वापस आए

31 जनवरी, 2024 तक 2,000 रुपये के 97.5 प्रतिशत नोट बैंकों के पास वापस आ गए हैं। हालांकि, अभी भी 8,897 करोड़ मूल्य के 2,000 के नोट जनता के पास हैं। अक्टूबर के अंत तक, 2000 रुपये के 97 प्रतिशत नोट बैंकों में जमा कर दिए गए थे। अक्टूबर से जनवरी तक नोट बदलने की दर में केवल 0.26 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। अक्टूबर, 2023 में 10,000 करोड़ मूल्य के 2,000 के नोट चलन में थे।

Advertisement

2000 नोट

नोटबंदी के बाद जारी हुए थे 2,000 के नोट

RBI ने पिछले साल 19 मई को 2,000 के नोटों को वापस लेने की घोषणा की थी। तब 3.56 लाख करोड़ रुपये के नोट प्रचलन में थे। इन नोटों को सभी बैंक शाखाओं में जमा करने या बदलने के लिए पहले 30 सितंबर की समयसीमा दी गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 7 अक्टूबर कर दिया गया था। बता दें कि 2016 में हुई नोटबंदी के बाद RBI ने 2,000 रुपये के नोटों की शुरुआत की थी।

Advertisement

तरीका

आप कैसे बदलवा सकते हैं नोट

हालांकि, 2,000 के नोट बदलवाने की तारीख निकल चुकी है, लेकिन अभी भी आप RBI के 19 स्थानीय कार्यालयों में इन नोटों को बदलवा सकते हैं। इसके अलावा आप डाकघर से इंडिया पोस्ट के माध्यम से अपने नोटों को RBI कार्यालय भी भेज सकते हैं। RBI इन नोटों के बराबर की राशि को आपके खाते में जमा कर देगा। नोट बदलने के लिए जरूरी फॉर्म RBI की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं।

Advertisement