शिल्पा शेट्टी बेटे के साथ लंदन में उठाती दिखीं इन व्यंजनों का लुत्फ, आप भी खाएं
क्या है खबर?
शिल्पा शेट्टी बॉलीवुड की वह अदाकारा हैं, जिनकी फिटनेस देखकर सभी प्रेरित होते हैं। हालांकि, दिल से वह एक बड़ी फूडी हैं, जो पौष्टिक भोजन और जंक फूड का शानदार संतुलन बनाए रखती हैं। इन दिनों शिल्पा अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने के लिए लंदन गई हुई हैं। इसी कड़ी में रविवार को वह अपने बेटे के साथ एक 'फूडी एडवेंचर' पर निकल पड़ीं, जिसके दौरान उन्होंने कई लजीज पकवानों का लुत्फ उठाया। चलिए जानते हैं उन्होंने क्या-क्या खाया।
वीडियो
इंस्टाग्राम पर साझा की रील
शिल्पा ने रविवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक रील पोस्ट की, जिसमें वह बेटे विआन के साथ सड़कों पर घूमती नजर आईं। पूरे वीडियो में मां-बेटे की जोड़ी मस्ती करती, घूमती और खाती हुई दिखाई दी। वीडियो के कैप्शन में शिल्पा ने लिखा, "सन-डे बिंज", यानि बेटे के साथ रविवार का बिंज सेशन। ये वीडियो एक फूड फेस्टिवल के दौरान बनाया गया है, जिसमें दोनों लाल रंग की लालटेनों से सजी सड़कों पर घुमते हुए दिखाई दिए।
#1
रामेन और मांडू
वीडियो की शुरुआत में शिल्पा कोरियाई खाने का आनंद लेती दिखाई दे रही हैं। वह लजीज रामेन नूडल्स खा रही हैं। रामेन के साथ-साथ उनकी थाली में मांडू भी रखे नजर आते हैं, जो कोरियाई डंप्लिंग होते हैं। रामेन बनाने के लिए नूडल्स को मसालेदार सूप में पकाया जाता है और सब्जियों, प्रोटीन और सफेद तिल आदि के साथ परोसा जाता है। वहीं, मांडू में सब्जियों की फिलिंग करके उन्हें स्टीम किया जाता है या तला जाता है।
#2
होंगकोंग स्टाइल वफल
रामेन का मजा लेने के बाद शिल्पा और विआन होंगकोंग स्टाइल वफल खाते नजर आते हैं। यह हांगकांग का एक प्रसिद्ध स्ट्रीट फूड है, जिसे बबल वफल नाम से भी जाना जाता है। इस वफल को एक खास सांचे में पकाया जाता है, जिसकी वजह से इसपर छोटे-छोटे बबल वाली डिजाइन बन जाती है। इसका बैटर आटा, चीनी, कस्टर्ड पाउडर, दूध पाउडर, टैपिओका स्टार्च, बेकिंग पाउडर, वेनिला का अर्क और तेल मिलाकर तैयार होता है।
#3
ताइयाकी
शिल्पा की रील में एक और लोकप्रिय व्यंजन दिखाई देता है, जिसे ताइयाकी कहते हैं। ताइयाकी मछली के आकार की एक जापानी पेस्ट्री है, जिसे आम तौर पर लाल बीन के मीठे पेस्ट या कस्टर्ड से भरा जाता है। ताइयाकी नाम 'ताई' यानि समुद्री ब्रीम और 'याकी' यानि बेक्ड शब्दों से मिलकर बना है। यह एक मशहूर स्ट्रीट फूड और मिठाई है, जो अपने सुंदर आकार और कुरकुरी बनावट के लिए पसंद की जाती है।