Page Loader
भारत-पाकिस्तान युद्ध के बाद राफेल विमानों को लेकर चीन ने किया दुष्प्रचार, फ्रांस का दावा
फ्रांस ने दावा किया है कि चीन राफेल विमानों के बारे में दुष्प्रचार कर रहा है

भारत-पाकिस्तान युद्ध के बाद राफेल विमानों को लेकर चीन ने किया दुष्प्रचार, फ्रांस का दावा

लेखन आबिद खान
Jul 06, 2025
05:52 pm

क्या है खबर?

फ्रांस ने दावा किया है कि चीन उसके राफेल लड़ाकू विमानों के बारे में अपने दूतावासों के जरिए दुष्प्रचार और झूठी अफवाहें फैला रहा है। फ्रांस का कहना है कि चीन ऐसा कर राफेल विमानों की क्षमता पर संदेह पैदा करने की कोशिश कर रहा है, ताकि इनकी बिक्री कम हो जाए।चीन राफेल के मुकाबले अपने लड़ाकू विमानों को बेहतर बता रहा है। कथित तौर पर ये चीन ने ये कदम मई में भारत-पाकिस्तान युद्ध के बाद उठाए हैं।

रिपोर्ट

राफेल के बजाय अपने विमानों को बेहतर बता रहा चीन

एसोसिएटेड प्रेस ने फ्रांसीसी खुफिया सेवा की रिपोर्ट के हवाले से बताया कि चीनी दूतावासों के अधिकारियों ने राफेल विमान की बिक्री को प्रभावित करने की कोशिश की। खासतौर पर इंडोनेशिया को और राफेल खरीदने से रोकने की कोशिश की गई। इसके अलावा जिन देशों ने राफेल को खरीदने में रुचि दिखाई थी, उन्हें भी चीन के लड़ाकू विमानों पर विचार करने को कहा गया। राफेल के लिए समझौता कर चुके देशों को भी हतोत्साहित किया गया।

सोशल मीडिया

सोशल मीडिया के जरिए भी दुष्प्रचार कर रहा चीन

फ्रांस का कहना है कि राफेल के बारे में दुष्प्रचार करने के लिए चीन ने छेड़छाड़ की गई तस्वीरों, AI सामग्री और वीडियोगेम फुटेज का भी इस्तेमाल किया। फ्रांसीसी शोधकर्ताओं ने बताया कि भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान 1,000 से अधिक नए सोशल मीडिया अकाउंट बनाए गए, जिन्होंने चीनी तकनीक को बेहतर दिखाने की कोशिश की। इसके अलावा चीनी दूतावासों के अधिकारियों ने अन्य देशों के रक्षा अधिकारियों के साथ बैठकों में यह कहा कि राफेल कमजोर विमान है।

चीन

आरोपों पर चीन का क्या कहना है?

चीन ने इस रिपोर्ट को 'निराधार, अफवाह और बदनामी' करार दिया है। चीन के रक्षा मंत्रालय ने कहा, "संबंधित दावे पूरी तरह से निराधार अफवाह फैलाने वाले और बदनामी हैं। चीन ने सैन्य निर्यात के लिए लगातार विवेकपूर्ण और जिम्मेदाराना दृष्टिकोण बनाए रखा है और क्षेत्रीय और वैश्विक शांति और स्थिरता में रचनात्मक भूमिका निभाई है।" इसके जवाब में फ्रांसीसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि गलत सूचना का एक व्यापक अभियान चलाया गया, जिसका लक्ष्य राफेल था।

राफेल

भारत-पाकिस्तान युद्ध में मार गिराया गया है राफेल 

पाकिस्तान ने दावा किया कि उसकी वायु सेना ने 3 राफेल सहित 5 भारतीय विमानों को मार गिराया है। भारत ने नुकसान की बात स्वीकार की, लेकिन विमानों की संख्या और प्रकार का खुलासा नहीं किया है। वहीं, फ्रांसीसी वायु सेना प्रमुख जनरल जेरोम बेलांगर ने कहा कि एक राफेल, एक सुखोई और एक मिराज 2000 विमान का नुकसान हुआ है। इसके बाद से ही राफेल विमान खूब चर्चा में है।